उत्तरकाशी जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्र से ट्रेकर्स के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने हर्षिल हेलीपैड पहुंचकर चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया. जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद सेना, वायुसेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीमों से ट्रेकर्स की लोकेशन, मौसम की स्थिति और हवाई व पैदल बचाव अभियानों की विस्तृत जानकारी ली.
डीएम ने कहा कि विपरीत मौसम और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमों द्वारा आपसी समन्वय से अभियान जारी है और ट्रेकर्स को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित रेस्क्यू किया जा रहा है. जिलाधिकारी ने हेलीपैड पर एम्बुलेंस, चिकित्सा दलों और राहत सामग्री की पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और रेस्क्यू होकर आ रहे ट्रेकर्स को तत्काल प्राथमिक उपचार, गर्म कपड़े और भोजन-पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
इसे भी पढ़ें : मौसम सुधरा, फिर शुरू हुई चारधाम यात्रा, जिलाधिकारियों को स्थानीय हालात पर फैसला लेने की छूट
बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी के कारण फंसे ट्रेकर्स के संबंध में सचिव, आपदा प्रबंधन से दूरभाष पर वार्ता कर राहत और बचाव अभियान की विस्तृत जानकारी ली.
गौरतलब है कि सीएम धामी के निर्देशानुसार और जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशांत आर्य के नेतृत्व में वर्तमान समय में ऑडेन कोल (Auden’s Col) क्षेत्र से सभी 29 ट्रेकर्स का सफलतापूर्वक हेली रेस्क्यू कर लिया गया है. रेस्क्यू किए गए सभी ट्रेकर्स को हर्षिल हेलिपैड पर लाने के उपरांत प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया. सभी ट्रेकर्स का स्वास्थ्य सामान्य है. प्राथमिक उपचार के बाद सभी ट्रेकर्स अपने-अपने गंतव्य के लिए सुरक्षित रूप से प्रस्थान कर चुके हैं. इसके अतिरिक्त, कालिंदी पास क्षेत्र में भी हेली रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है. राहत और बचाव टीमें विभिन्न ट्रेकिंग रूटों और बेस कैंपों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं. एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, एनआईएम और वन विभाग की टीमें भी राहत और बचाव अभियान में जुटी हुई हैं.


