वडोदरा (गुजरात)। गुजरात के वडोदरा जिले में नेशनल हाईवे-48 पर स्थित एक सीएनजी पंप पर शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सीएनजी भरवाते समय एक कार में अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि कार के पिछले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और वाहन के कांच व लोहे के टुकड़े काफी दूर तक जा गिरे। राहत की बात यह रही कि सुरक्षा नियमों के तहत कार में सवार सभी लोग पहले ही नीचे उतर चुके थे, जिससे एक बहुत बड़ी जनहानि टल गई।

यह घटना करजण के पास नेशनल हाईवे-48 पर जिंदाल कंपनी के सामने बने सीएनजी पंप की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक कार चालक अपनी गाड़ी में सीएनजी डलवाने के लिए पंप पर पहुंचा था। सीएनजी भरवाने से पहले सुरक्षा प्रक्रिया का पालन करते हुए कार में बैठे सभी यात्रियों को बाहर उतार दिया गया था। जैसे ही पंप कर्मचारी ने गाड़ी में सीएनजी नोजल लगाकर गैस भरनी शुरू की, तभी अचानक कार की सीएनजी टैंक जोरदार धमाके के साथ फट गई।

धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि हाईवे और आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। सीएनजी पंप पर मौजूद कर्मचारियों और अन्य वाहन चालकों में भगदड़ मच गई। इस विस्फोट की तीव्र चपेट में आने के कारण पास ही खड़े दो अन्य वाहनों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।

घटना के तुरंत बाद करजण फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया।

शुरुआती जांच में धमाके की सटीक वजह का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीमें इस बात की जांच कर रही हैं कि हादसा सीएनजी टैंक की एक्सपायरी डेट खत्म होने, घटिया क्वालिटी के सिलेंडर के इस्तेमाल या फिर किसी गंभीर तकनीकी खराबी के कारण हुआ। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें