Vaibhav Suryavanshi World Record: भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ट्राई सीरीज के फाइनल में ऐसी विस्फोटक पारी खेली, जिसने 50 ओवर क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में नया अध्याय जोड़ दिया। भारत-ए और श्रीलंका-ए के बीच खेले जा रहे फाइनल मुकाबले में वैभव ने महज 11 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

वैभव ने इस दौरान केवल 29 गेंदों में 94 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। उन्होंने 324.14 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और भारत-ए को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

इस उपलब्धि के साथ वैभव ने श्रीलंका के कौशल्या वीरारत्ने का 20 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। वीरारत्ने ने 2005 में बांग्लादेश-ए के खिलाफ 12 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था। अब यह रिकॉर्ड वैभव सूर्यवंशी के नाम दर्ज हो गया है।

शतक से चूके, लेकिन इतिहास रच गए

वैभव सूर्यवंशी अपनी पारी के दौरान एक और विश्व रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच गए थे। यदि वह अपनी 29वीं गेंद पर आउट होने के बजाय छक्का लगाने में सफल रहते तो लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक बनाने का रिकॉर्ड भी उनके नाम हो सकता था।

हालांकि, पारी के नौवें ओवर में श्रीलंका-ए के कप्तान सहान अराचिगे की फ्लाइटेड गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वैभव मिड-ऑफ पर कैच आउट हो गए। विजयकांत व्यासकांत ने उनका कैच लपका और उनकी 94 रन की यादगार पारी का अंत हुआ। वैभव के विकेट के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ियों का जश्न इस बात का संकेत था कि उनकी बल्लेबाजी विपक्षी टीम पर कितना दबाव बना चुकी थी।

बाल-बाल बचे मैकगर्क और डिविलियर्स के रिकॉर्ड

लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक का विश्व रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क के नाम है, जिन्होंने मात्र 29 गेंदों में शतक जड़ा था। वहीं दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स ने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 31 गेंदों में शतक और 15 गेंदों में वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सबसे तेज फिफ्टी बनाई थी।

वैभव 29वीं गेंद पर आउट होकर इन दोनों रिकॉर्डों को तोड़ने से बाल-बाल चूक गए, लेकिन उन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दुनिया भर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

पहले चार मैचों में खामोश रहा बल्ला, फाइनल में बरपा कहर

ट्राई सीरीज के शुरुआती चार मुकाबलों में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला था, लेकिन फाइनल जैसे बड़े मंच पर उन्होंने जबरदस्त वापसी करते हुए श्रीलंकाई आक्रमण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

उनकी इस पारी की बदौलत भारत-ए ने 46 ओवर के बाद 6 विकेट पर 327 रन का मजबूत स्कोर खड़ा कर लिया। उस समय निशांत सिंधु और विप्रज निगम क्रीज पर मौजूद थे।

लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज

क्रमगेंदेंखिलाड़ीमैचवर्ष
111वैभव सूर्यवंशीभारत A बनाम श्रीलंका A2026
212कौशल्या वीरारत्नेश्रीलंका A बनाम बांग्लादेश A2005
315एलन होलिओकसरे बनाम हैम्पशायर1994
415सलमान बटWAPDA बनाम रावलपिंडी रैम्स2008
515परवेज हुसैन इमोनढाका डोमिनेटर्स बनाम चटगांव चैलेंजर्स2025
615सरफराज खानमुंबई बनाम रेस्ट ऑफ इंडिया2025
716एबी डिविलियर्सदक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज2015
816मैथ्यू फोर्डवेस्टइंडीज बनाम आयरलैंड2025
917सनथ जयसूर्याश्रीलंका बनाम पाकिस्तान1996
1017कुशल परेराश्रीलंका बनाम पाकिस्तान2015

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H