Vaibhav Suryavanshi’s record-breaking fifty: भारत के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में एक बार फिर सनसनी फैला दी है। हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर खराब प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हुई थी और कई लोगों ने उन्हें ‘सिर्फ आईपीएल का खिलाड़ी’ तक कह दिया था। लेकिन हरारे में वैभव ने अपने बल्ले से ऐसा जवाब दिया कि आलोचकों की बोलती बंद हो गई।

जिम्बाब्वे के खिलाफ 126 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव ने महज 19 गेंदों में 50 रन की तूफानी पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 4 चौके और 4 शानदार छक्के लगाए। अर्धशतक पूरा करने के तुरंत बाद वह रिचर्ड नगारवा की गेंद पर बेन कुरेन को कैच थमा बैठे, लेकिन तब तक वह अपने नाम एक ऐतिहासिक विश्व रिकॉर्ड दर्ज करा चुके थे।
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बनाया विश्व रिकॉर्ड

बता दें कि टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू के बाद यह वैभव के करियर का यह पहला अर्धशतक है। इस अर्धशतक के साथ वैभव अब पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 15 साल और 118 दिन की उम्र में हासिल कर नया इतिहास रच दिया है।
सबसे कम उम्र में टी20I अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज:
- 15 साल 118 दिन – वैभव सूर्यवंशी (भारत) बनाम जिम्बाब्वे, हरारे (2026)
- 16 साल 56 दिन – लुईस ब्रूस (जिब्राल्टर) बनाम माल्टा (2021)
- 16 साल 76 दिन – केविन चड्ढा (इंडोनेशिया) बनाम स्वीडन (2026)
- 16 साल 89 दिन – अलुसीन तुरे (सिएरा लियोन) बनाम घाना (2023)
- 16 साल 118 दिन – तेनजिन राबगे (भूटान) बनाम चीन (2023)
हरारे स्पोर्ट्स क्लब बना वैभव का पसंदीदा मैदान

हरारे स्पोर्ट्स क्लब का मैदान वैभव सूर्यवंशी के लिए लगातार यादगार साबित हो रहा है। इसी मैदान पर उन्होंने अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ महज 80 गेंदों में 175 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर सभी को चौंका दिया था। अब अपने सीनियर अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत भी उन्होंने इसी मैदान पर रिकॉर्डतोड़ अर्धशतक के साथ की है।
अर्धशतक पूरा होते ही गूंज उठा स्टेडियम
जैसे ही वैभव ने दो रन लेकर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरा किया, पूरा हरारे स्पोर्ट्स क्लब तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। भारतीय ड्रेसिंग रूम में मौजूद कप्तान श्रेयस अय्यर, कोचिंग स्टाफ और साथी खिलाड़ियों ने खड़े होकर इस युवा बल्लेबाज का स्वागत किया। उनकी निडर बल्लेबाजी ने भारतीय टीम को आसान जीत की ओर बढ़ाया और क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया।
इंग्लैंड दौरे पर रहे थे फ्लॉप, फिर भी चयनकर्ताओं ने जताया भरोसा

वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। हालांकि उस दौरे पर वह अपनी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। उन्होंने तीन मैचों में क्रमशः 14, 13 और 15 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 5 छक्के भी लगाए, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए।
उनके प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार सवाल उठे और कई लोगों ने उन्हें केवल आईपीएल का खिलाड़ी बताकर आलोचना की। हालांकि भारतीय चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा बनाए रखा और जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम में मौका दिया। वैभव ने इस भरोसे को सही साबित करते हुए पहले ही मैच में रिकॉर्डतोड़ अर्धशतक जड़कर दिखा दिया कि वह भारतीय क्रिकेट के भविष्य के सबसे चमकदार सितारों में शामिल हैं।
उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने 126 रन का लक्ष्य महज 13.2 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया और तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
सीरीज का अगला कार्यक्रम
अब तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 25 जुलाई (शनिवार) को हरारे में भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे खेला जाएगा। इसके बाद तीसरा और अंतिम टी20 मुकाबला 26 जुलाई (रविवार) को भी इसी मैदान पर शाम 4:30 बजे से खेला जाएगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


