सिद्धार्थ शरद/वैशाली। जिले में रिश्तों के कत्ल की एक सनसनीखेज कोशिश का मामला सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र के पॉश इलाके समता कॉलोनी में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आईटीबीपी (ITBP) जवान ने अपने ही ममेरे भाई पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना के पीछे लंबे समय से चला आ रहा जमीनी विवाद और पारिवारिक कलह बताई जा रही है।

​साजिश के तहत घर बुलाकर दागी गोली

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी जवान रोहित सिंह उर्फ शैलेंद्र सिंह ने एक सोची-समझी साजिश के तहत अपने ममेरे भाई जितेंद्र कुमार सिंह को मिलने के बहाने अपने घर बुलाया था। जैसे ही जितेंद्र वहां पहुंचा, दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रोहित ने अपना आपा खो दिया और अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल कर जितेंद्र पर फायरिंग कर दी। गोली जितेंद्र के शरीर के नाजुक हिस्से में लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा।

​PMCH रेफर, हालत नाजुक

​फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल जितेंद्र सिंह को सदर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया है। फिलहाल उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

​पुलिस की त्वरित कार्रवाई: आरोपी जवान गिरफ्तार

​वारदात की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आईटीबीपी जवान रोहित सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

​जांच में जुटी FSL और पुलिस की टीम

​घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर एसडीपीओ (वन) सुबोध कुमार और नगर थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से खून के नमूने और खोखे बरामद किए हैं। एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला जमीनी विवाद और पति-पत्नी के बीच चल रहे निजी कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि वारदात की असली वजह साफ हो सके।