सिद्धार्थ शरद/वैशाली। जिले में शुक्रवार को 300 किलो से अधिक सोना लूटने वाली कुख्यात गैंग के मास्टरमाइंड प्रिंस को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। सदर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर कॉलोनी में पटना STF और वैशाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह मुठभेड़ हुई। प्रिंस, जेल में बंद सुबोध गैंग का राइट हैंड माना जाता था और देश के सात राज्यों में हुई बड़ी गोल्ड लूट वारदातों में उसकी अहम भूमिका रही थी।

पुलिस को मिली थी सटीक सूचना

पुलिस ने पहले करौली स्थित उसके घर पर सरेंडर का पोस्टर चिपकाया था। शुक्रवार को STF को सूचना मिली कि वह हनुमान नगर में किराए के मकान में छिपा है। घेराबंदी के दौरान प्रिंस ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे ढेर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शी दिलीप कुमार चौधरी ने बताया कि दोनों ओर से गोलियां चलीं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पहले भी कस्टडी से भाग चुका था

प्रिंस 4 सितंबर 2025 को कोर्ट पेशी के दौरान पुलिस कस्टडी से फरार हो गया था। बाद में पंजाब में गोल्ड लूट के बाद उसे गिरफ्तार कर बेऊर जेल भेजा गया। 2018 में उसे छुड़ाने के प्रयास में हवलदार राम एकबाल रविदास की हत्या भी हुई थी।

PMCH से फिल्मी अंदाज में फरारी

बताया जाता है कि PMCH से फरार होने से पहले उसने पुलिसकर्मियों को मटन पार्टी दी, फिर दो जवानों को कमरे में बंद कर हथकड़ी लगे हाथों फरार हो गया। इस मामले में आठ पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज हुआ था। उसके नेपाल भागने की भी आशंका थी।