वैशाली। शहर के थाना क्षेत्र के जातकौली चौक स्थित मां दुर्गा ज्वेलर्स में तीन नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया। घटना शाम 4 बजकर 5 मिनट की है। बदमाशों ने दुकानदार और एक स्टाफ को पिस्तौल तानकर बंधक बनाया और करीब 11 लाख रुपये के आभूषण तथा 22 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।

दुकान में घुसते ही किया शटर बंद

पीड़ित स्टाफ मोहम्मद नौशाद के अनुसार, तीनों अपराधी एक ही बाइक से आए और दुकान से कुछ दूरी पर वाहन खड़ा किया। दुकान में प्रवेश करते ही उन्होंने शटर गिरा दिया और हथियार दिखाकर हाथ ऊपर करने को कहा। इसके बाद उन्होंने अलमारी और काउंटर में रखे जेवर व नकदी अपने साथ ले गए।

पुलिस ने शुरू की छानबीन

एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित रूट्स पर नाकाबंदी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में लूटी गई राशि और आभूषणों का आकलन किया जा रहा है।

दुकानदार की प्रतिक्रिया

ज्वेलरी दुकानदार संजय कुमार ने बताया कि पिछले 12 साल से दुकान चला रहे हैं। आज शाम तीन नकाबपोश अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर लगभग 10 से 12 लाख रुपये के आभूषण और नकद लूट लिए। इस घटना से बाजार में व्यापारियों में भय का माहौल है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच में लगी हुई है।