सिद्धार्थ शरद, वैशाली। महनार थाना क्षेत्र की पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो सादे कागज के बंडलों को असली नोटों की गड्डी बताकर भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाते थे। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सनसनी फैल गई है।
वाहन जांच के दौरान धरे गए शातिरों की कार
यह पूरी कार्रवाई सोमवार की रात महनार थाना क्षेत्र के लावापुर नारायण इलाके के पास हुई। पुलिस नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक संदिग्ध कार ने भागने की कोशिश की। चौकस पुलिसकर्मियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी का पीछा किया और उसे घेरकर रोक लिया। कार की तलाशी लेने पर पुलिस के होश उड़ गए, क्योंकि अंदर से ठगी में इस्तेमाल होने वाले सामान का पूरा जखीरा मिला।
ऊपर असली नोट, अंदर सादे कागज का खेल
कार की तलाशी के दौरान पुलिस ने 10 संदिग्ध बंडल बरामद किए। जब इन बंडलों की बारीकी से जांच की गई तो एक शातिर ठगी के तरीके का खुलासा हुआ। बंडलों के सबसे ऊपर और सबसे नीचे असली 500 रुपये के नोट चिपकाए गए थे, जबकि बीच में नोटों के आकार में काटे गए सादे कागज भरे हुए थे। यह गिरोह इसी ट्रिक का इस्तेमाल कर लोगों को कम कीमत में ज्यादा पैसे या नोट दोगुना करने का लालच देता था।
दो आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
पुलिस ने मौके से कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी पहचान मुजफ्फरपुर के रहने वाले राम प्रवेश कुमार और झारखंड निवासी शेख बबलू के रूप में हुई है। हालांकि, अंधेरे और भीड़भाड़ का फायदा उठाकर गिरोह के दो अन्य सदस्य पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने ठगी में प्रयुक्त कार, 10 फर्जी बंडल और अन्य सामान को जब्त कर लिया है।
पुलिस खंगाल रही है आपराधिक इतिहास
महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने स्वीकार किया है कि वे लोगों को अधिक पैसे का लालच देकर झांसे में लेते थे। पुलिस अब इनके बाकी साथियों और पूर्व में की गई आपराधिक वारदातों का पूरा ब्योरा जुटा रही है। साथ ही, फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


