फरीदाबाद। मध्य प्रदेश के रायसेन से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पैदल निकले श्रद्धालुओं के साथ फरीदाबाद में कथित तौर पर नशीला पदार्थ देकर लूट की वारदात सामने आई है। 8 यात्रियों का यह समूह सिकरी क्षेत्र में कथित तौर पर नशीला पदार्थ खाने-पीने के बाद बेहोश हो गया और इसके बाद सभी एक-दूसरे से बिछड़ गए। इनमें से 7 यात्रियों का अलग-अलग जगहों से पता चल चुका है, लेकिन 56 वर्षीय नारायण सिंह ठाकुर अभी तक लापता हैं।
नारायण सिंह ठाकुर के बेटे रामेश्वर ठाकुर ने सेक्टर-58 थाने में शिकायत देकर अपने पिता की तलाश कराने की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से यात्रा मार्ग के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही गई है।
5 सितंबर को शुरू की थी पैदल यात्रा
परिजनों के मुताबिक, रायसेन जिले की बाड़ी तहसील के किशनपुर गांव से 8 लोग 5 सितंबर को पैदल वैष्णो देवी यात्रा के लिए निकले थे। समूह में नारायण सिंह ठाकुर के अलावा गोपाल सिंह, रणजीत ठाकुर, बालमुकुंद, तोरण सिंह उर्फ बब्बू, बालक सिंह, वीरेंद्र सिंह और भाई साहब ठाकुर शामिल थे।
यात्रा करते हुए समूह 26 सितंबर को फरीदाबाद पहुंचा था। यहां श्रद्धालु खाटू श्याम मंदिर में रुके थे। इसके बाद वे सिकरी क्षेत्र की तरफ गए, जहां कथित तौर पर उनके साथ यह घटना हुई।
सेब और कोल्ड ड्रिंक देने के बाद बिगड़ी हालत
रामेश्वर ठाकुर के अनुसार, समूह के लोगों को एक व्यक्ति ने पहले सेब खाने के लिए दिए और बाद में कोल्ड ड्रिंक भी पिलाई। आरोप है कि इन्हें लेने के कुछ समय बाद सभी की हालत बिगड़ने लगी। करीब एक-दो किलोमीटर आगे जाने के बाद यात्री बेहोश हो गए और इसी दौरान समूह के सदस्य एक-दूसरे से अलग हो गए।
घटना की जानकारी परिजनों को 27 सितंबर की शाम मिली। रामेश्वर के मुताबिक, एक ट्रक चालक ने फोन कर बताया कि फरीदाबाद सेक्टर-58 में मंदिर के पास कुछ लोग नशे की हालत में पड़े हैं। सूचना मिलने के बाद परिजन मध्य प्रदेश से फरीदाबाद पहुंचे और अपने स्तर पर भी तलाश शुरू की।
अलग-अलग जगहों से मिले 7 यात्री
तलाश के दौरान समूह के पांच सदस्य फरीदाबाद में मिल गए। वहीं एक यात्री मथुरा और दूसरा भोपाल में मिला। मथुरा में मिले यात्री का 28 सितंबर को पता चला, जबकि एक अन्य 29 सितंबर को अपने घर भोपाल पहुंचा। इस तरह समूह के 7 लोगों का पता चल चुका है।
फरीदाबाद में मिले यात्रियों का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। परिजन फिलहाल बल्लभगढ़ के एक होटल में ठहरे हुए हैं और नारायण सिंह ठाकुर की तलाश कर रहे हैं।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
परिजनों का कहना है कि पुलिस ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया है। पुलिस यात्रा के संभावित मार्गों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बेहोशी की हालत में बिछड़ने के बाद नारायण सिंह किस दिशा में गए।
शिकायत में यात्रियों के बैग, मोबाइल फोन और नकदी गायब होने की बात भी कही गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल लापता नारायण सिंह ठाकुर का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
- Today’s Top News: SIR और वोट चोरी पर सियासत, नदी में डूबने से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, शराब पीने के बाद BSP पार्षद समेत 2 की मौत से हड़कंप, PCC चीफ ने BJP पर बस्तर दशहरा का मजाक बनाने का लगाया आरोप, 15 लाख के गांजे के 7 तस्कर गिरफ्तार… समेत पढ़ें दिनभर की प्रमुख खबरें
- सीवान ब्लास्ट के बाद मुजफ्फरपुर पटाखा मंडी में छापेमारी, 6 दुकानों से पटाखे जब्त!
- इंदौर में सरकारी दस्तावेज से छेड़छाड़ कर दो आरोपियों को दिलाई जमानत! हाकम सिंह को 3 साल की सजा, इंदौर में 21 साल पुराने मामले में अदालत का फैसला, जमानत के दस्तावेजों में हेरफेर करने पर दोषी करार
- आदिवासी नाबालिग के गर्भपात का मामला, मैस्कॉट हॉस्पिटल का पंजीयन रद्द, इलाज जारी रहा तो सील करने की चेतावनी
- Ayushmann Khurrana की दिवाली पार्टी में जुटे सितारे, ग्रीन सूट में सारा अली खान तो लहंगे में दिखीं भूमि पेडनेकर

