अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां वाराणसी-रांची 20888 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन से लेकर ब्रेक सिस्टम में अचानक खराबी आ जाने के कारण डीडीयू गया-रेलखंड के शिवसागर तथा कुम्हऊ रेलवे स्टेशन के बीच किसी अंजान और सुनसान जगह यह ट्रेन साढ़े चार घंटा से अधिक समय तक रुकी रही, जिससे ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों में जान-माल की सुरक्षा को लेकर खतरा उत्पन्न हो गया।

ट्रेन के इंजन और ब्रेक सिस्टम में आई खराबी

बताया जाता है कि डीडीयू से ट्रेन खुलने के थोड़ी देर के बाद ही ट्रेन के ब्रेक सिस्टम में कुछ समस्या आने लगी, जिसके बाद ट्रेन के ड्राइवर ने शिवसागर रेलवे स्टेशन तथा कुम्हऊ स्टेशन के बीच ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन को कई बार आगे बढ़ाने की कोशिश की गई। लेकिन ब्रेक सिस्टम में समस्या आने लगी। इसके बाद ट्रेन को कई घंटे तक सुनसान एक ही जगह रोक कर रखा गया। ट्रेन में आई खराबी की सूचना मिलने के बाद सासाराम रेलवे स्टेशन से तकनीकी विशेषज्ञ की टीम मौके पर पहुंची और आई तकनीकी खराबी को ठिक किया, तब जाकरकिसी तरह से ट्रेन को सासाराम रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया। जहां ट्रेन पहुंचने के बाद यात्रियों को थोड़ी राहत मिली।

5 घंटे तक परेशान रहे सभी यात्री

लगभग 5 घंटे तक वंदे भारत ट्रेन विलंब होने के कारण सभी यात्री हलकान रहे। ट्रेन में सफर कर रहे यात्री का कहना है कि सुनसान जगह पर काफी देर तक ट्रेन खड़ी रहने के वजह से सुरक्षा के साथ ही खाने-पीने की भी समस्या उत्पन्न हो गई। इस दौरान कोई हाल-चाल लेने वाला नहीं दिखा। पांच घंटे तक एक ही जगह खड़े रहने के कारण बाथरूम वगैरह सब गंदा हो गया। चुकी RPF का कहना है कि फिलहाल जो भी समस्या हुई, उसे ठीक कर ट्रेन को आगे की ओर रवाना कर दिया गया है। बता दें कि शाम 5:40 PM में सासाराम पहुंचने वाली ट्रेन रात 10:54 PM पर पहुंची।

ये भी पढ़ें- गुरु नानक देव को लेकर अशोक चौधरी ने दिया विवादित बयान, राजद बोली- नाक रगड़कर मांगनी चाहिए माफी