वाराणसी. धनतेरस के पावन पर्व पर शुक्रवार को श्री काशी अन्नपूर्णा मंदिर में मां अन्नपूर्णा के दर्शन एवं परंपरागत ‘खजाना’ प्रसाद प्राप्त करने के लिए प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का भारी जनसमूह उमड़ पड़ा. मां अन्नपूर्णा के दर्शन एवं खजाना प्रसाद प्राप्त करने की विशेष धार्मिक मान्यता के चलते देश के विभिन्न प्रान्तों से आए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं श्रद्धा का भाव देखने को मिला.
धनतेरस के शुभ अवसर पर मां अन्नपूर्णा की विशेष पूजा-अर्चना, भव्य शृंगार एवं आरती के उपरांत श्रद्धालुओं ने विधिवत दर्शन कर सुख, समृद्धि एवं अन्न-धन की कामना की. मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की निरंतर आवाजाही बनी हुई है. श्रद्धालुओं के लिए यह पर्व विशेष आस्था एवं आध्यात्मिक महत्व का अवसर है.
इसे भी पढ़ें : त्रेतायुग की झलक दिखाने को तैयार अयोध्या, रामायण की झांकियों से लेकर ड्रोन शो तक होगा खास
मां अन्नपूर्णा के ‘खजाना’ प्रसाद को प्राप्त करने के लिए श्रद्धालुओं की उत्सुकता एवं श्रद्धा देखते ही बन रही है. मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम दर्शन एवं सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं है, जिससे भक्तगण श्रद्धापूर्वक माँ के दर्शन एवं प्रसाद प्राप्त कर सकें. धनतेरस के इस पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ स्थित अन्नपूर्णा मंदिर में भक्ति, श्रद्धा एवं धार्मिक उल्लास का वातावरण व्याप्त है.

