अशोक कुमार जायसवाल, वाराणसी. वाराणसी स्थित यूपी कॉलेज (उदय प्रताप कॉलेज) में शुक्रवार को दिनदहाड़े बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र सूर्य कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया और छात्रों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया. जानकारी के अनुसार गाजीपुर निवासी 23 वर्षीय सूर्य कुमार सिंह कॉलेज के हॉस्टल में रहता था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार हमलावर कॉलेज परिसर में पहुंचा और कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के पास छात्र पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं.
बताया जा रहा है कि हमलावर ने आठ गोलियां मारी, जिनमें चार सीने और चार कनपटी में लगीं. इसके अलावा दो राउंड हवाई फायरिंग भी की गई. गंभीर रूप से घायल सूर्य कुमार सिंह को तत्काल ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिस्टल और कारतूस मौके पर ही फेंककर बाइक से फरार हो गया.
छात्रों के अनुसार, मृतक और हमलावर के बीच पहले किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था. बताया जा रहा है कि आरोपी मंजीत भी उसी कॉलेज का छात्र है और इसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया.
इसे भी पढ़ें : ये कौन सा सुशासन है योगी जी! FIR दर्ज करने के बदले रेप पीड़िता से शारीरिक संबंध बनाने की डिमांड, बीजेपी ‘राज’ में महिलाओं को ऐसे मिलेगा न्याय?
कैंपस में अफरातफरी
गोलियों की आवाज सुनते ही कॉलेज परिसर में भगदड़ मच गई. घटना के बाद गुस्साए छात्रों ने कॉलेज गेट बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. छात्रों का आरोप है कि आरोपी ने प्रिंसिपल के सामने ही फायरिंग की. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई है. पूरे कॉलेज परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और छात्रों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश जारी है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें

