भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम के ऐलान के बाद मध्य प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में जुबानी जंग तेज हो गई है। एक तरफ जहां खजुराहो सांसद और नवनिर्युक्त राष्ट्रीय प्रकोष्ठ संकुल संयोजक विष्णुदत्त शर्मा ने अपनी नई जिम्मेदारी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का आभार व्यक्त किया है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने इस नई कार्यकारिणी को ‘महिला विरोधी’ और वरिष्ठ नेताओं की उपेक्षा करने वाला करार देकर बड़ा हमला बोला है।

“पीएम मोदी की परिकल्पना को करेंगे पूरा”: वीडी शर्मा का पहला बयान

प्रकोष्ठ संकुल के राष्ट्रीय संयोजक की कमान मिलने के बाद सांसद वीडी शर्मा ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा कि मध्य प्रदेश के जिन भी नेताओं को राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है, उन सभी को हार्दिक बधाई।

सक्षम और मल्टीडायमेंशनल टीम: नितिन नबीन के नेतृत्व में बनी यह टीम हर तरह से सक्षम, पारंगत और मल्टीडाइमेंशनल है।

प्रकोष्ठ और संकुल का नया प्रयोग: उन्होंने कहा कि पार्टी के इतिहास में पहली बार प्रकोष्ठों और संकुलों का राष्ट्रीय स्तर पर ऐसा ढांचा तैयार किया गया है। देशभर में विभिन्न प्रकोष्ठों के बीच समन्वय स्थापित कर संगठन का कार्य विस्तार किया जाएगा।

एमपी मॉडल का अनुभव: वीडी शर्मा ने कहा कि हमने मध्य प्रदेश में भी यह प्रयोग किया था जो बेहद सफल रहा। पार्टी संगठन को और सुदृढ़ बनाने के लिए यह सेल अहम भूमिका निभाएगी।

कांग्रेस का पलटवार: “वरिष्ठ इंतजार करते रहे, गुमनाम चेहरों को मिला मौका”

बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी को लेकर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। कांग्रेस संगठन महासचिव संजय कामले और वरिष्ठ प्रवक्ता जेपी धनोपिया ने बीजेपी पर कई गंभीर आरोप लगाए।

वरिष्ठों की अनदेखी: कांग्रेस का कहना है कि कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल जैसे कद्दावर और वरिष्ठ नेता इंतजार ही करते रह गए, जबकि पार्टी ने कई गुमनाम चेहरों को बड़ी जिम्मेदारियां दे दीं।

बीजेपी का महिला विरोधी चेहरा: कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पूरी कार्यकारिणी में केवल 12 महिलाओं को ही जगह दी गई है, जो बीजेपी की महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

केवल दिखावे की जिम्मेदारी: कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि जिन गिने-चुने महिला चेहरों को कार्यकारिणी में जगह मिली भी है, उन्हें संगठन के भीतर वास्तव में काम करने का अधिकार नहीं मिलेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m