Business Desk – Vedanta Oil & Gas Share Price में लगातार दूसरे दिन भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली. 2 जुलाई को कंपनी का शेयर करीब 17% उछल गया, जबकि इससे एक दिन पहले इसमें 20% की तेजी आई थी और अपर सर्किट लगा था. महज दो कारोबारी दिनों में शेयर करीब 37% चढ़ चुका है, जिससे निवेशकों की दिलचस्पी काफी बढ़ गई है.

लिस्टिंग के बाद शेयर में मजबूत तेजी
वेदांता ऑयल एंड गैस का शेयर 15 जून को एनएसई पर 38 रुपए और बीएसई पर 39 रुपए के भाव पर लिस्ट हुआ था. गुरुवार को यह 45.69 रुपए तक पहुंच गया. यानी लिस्टिंग के बाद से ही शेयर ने 20% से ज्यादा का रिटर्न दे दिया है.
ग्रोथ को लेकर कंपनी का बड़ा प्लान
ब्रोकरेज फर्म Yes Securities के अनुसार, कंपनी ने हाल ही में हुई एनालिस्ट मीट में उत्पादन बढ़ाने, ऑयल-गैस रिजर्व मजबूत करने और ऑपरेटिंग एफिशिएंसी बढ़ाने की रणनीति साझा की है.
कंपनी का मानना है कि राजस्थान, तटीय (Coastal) एसेट्स, उत्तर-पूर्व भारत और डीपवॉटर क्षेत्रों में ग्रोथ की बड़ी संभावनाएं मौजूद हैं. इसके अलावा सरकार के Enhanced Oil Recovery Program पर बढ़ते फोकस का भी कंपनी को फायदा मिल सकता है.
FY29 तक उत्पादन दोगुना करने का लक्ष्य
PL Capital के एनालिस्ट्स का कहना है कि कंपनी का लक्ष्य FY29 तक उत्पादन दोगुना करना है. इसके साथ ही ऑपरेटिंग कॉस्ट घटाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. वित्त वर्ष 2026 में कंपनी की लागत 16.5 डॉलर प्रति बैरल थी, जिसे घटाकर 10 से 13 डॉलर प्रति बैरल तक लाने की योजना है. एनालिस्ट्स का मानना है कि कंपनी का एसेट-लेवल रोडमैप मजबूत है और निकट भविष्य में कई ऐसे फैक्टर्स हैं, जो उत्पादन बढ़ाने में मदद करेंगे.
T2T से बाहर आते ही बढ़ी ट्रेडिंग
वेदांता एल्युमीनियम, वेदांता आयरन एंड स्टील, वेदांता ऑयल एंड गैस और वेदांता पावर के शेयर 15 जून को स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट हुए थे. शुरुआती 10 कारोबारी दिनों तक इन्हें Trade-to-Trade (T2T) सेगमेंट में रखा गया था, जहां इंट्रा-डे ट्रेडिंग की अनुमति नहीं होती और हर सौदे में डिलीवरी अनिवार्य होती है. 1 जुलाई को इन शेयरों के T2T से बाहर आने के बाद ट्रेडिंग वॉल्यूम और तेजी दोनों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली.

