संजय पाटीदार, भोपाल। मध्यप्रदेश की राजनीति में इन दिनों ‘वीर भारत न्यास’ को लेकर कांग्रेस के भीतर मचा घमासान अब दिल्ली हाई कमान तक पहुंच गया है। कांग्रेस के दो बड़े नेताओं- पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयानों में आए विरोधाभास पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक रामेश्वर शर्मा ने तीखा तंज कसा है। इसके साथ ही उन्होंने भोपाल में जर्जर मकानों की स्थिति और छिंदवाड़ा में कमलनाथ के ‘लापता’ होने के पोस्टरों पर भी बेबाकी से अपनी बात रखी।
जीतू पटवारी तथ्यहीन आरोप लगाना बंद करें
कांग्रेस के भीतर मचे इस घमासान पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने जीतू पटवारी को नसीहत देते हुए दिग्विजय सिंह के अनुभव की तारीफ की। रामेश्वर शर्मा ने कहा-“दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश के 10 साल तक मुख्यमंत्री रहे हैं। वे सरकारी दस्तावेजों और प्रक्रियाओं को बहुत ठीक से और गहराई से समझते हैं। उन्होंने साफ किया कि वीर भारत न्यास पूरी तरह से एक सरकारी न्यास है, लेकिन जीतू पटवारी कांग्रेस की आपसी अंतर्कलह के चक्कर में बिना सोचे-समझे किसी पर भी कीचड़ उछाल रहे हैं।
तुरंत उन जर्जर मकानों को छोड़ दें
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि इस मामले में दिग्विजय सिंह के बयान ने खुद जीतू पटवारी की आंखें खोल दी हैं। पटवारी द्वारा लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह तथ्यहीन हैं। “जर्जर मकानों में जो भी लोग रह रहे हैं, उनसे मेरी हाथ जोड़कर प्रार्थना है कि जीवन बेहद अमूल्य है। अपने और अपने परिवार की जिंदगी को खतरे में न डालें और तुरंत उन जर्जर मकानों को छोड़ दें।” उन्होंने नागरिकों से कहा कि वे ऐसे मकानों की जानकारी तुरंत नगर निगम और जिला प्रशासन को दें। साथ ही उन्होंने प्रशासन को निर्देशित करते हुए कहा कि जिला और नगर निगम प्रशासन पूरी न्याय प्रक्रिया का ध्यान रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई करे।
हम राहुल गांधी नहीं जो अपमान करें
छिंदवाड़ा में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के लापता होने के लगे पोस्टरों पर प्रतिक्रिया देते हुए रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कमलनाथ जी गायब भी रहेंगे, तब भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार छिंदवाड़ा सहित संपूर्ण प्रदेश का विकास बिना किसी भेदभाव के करेगी। जनता जो भी काम भाजपा कार्यकर्ताओं को बताएगी, हम उसे पूरा करेंगे। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा “हम राहुल गांधी नहीं हैं कि अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता कमलनाथ जी का अपमान कर दें। हम कमलनाथ जी का पूरा सम्मान करते हैं, वे एक वरिष्ठ नेता हैं और भाजपा कभी किसी का अपमान नहीं करती।”
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

