० हजारीबाग में कोयला ढुलाई पर हमला, सात राउंड फायरिंग के बाद धमकी भरा पर्चा छोड़ा; पुलिस ने रंगदारी एंगल से शुरू की जांच
हजारीबाग। झारखंड के कोयला क्षेत्रों में एक बार फिर अपराधियों ने खुलेआम गोलियां बरसाकर दहशत फैला दी। हजारीबाग के एनटीपीसी पकरी बरवाडीह कोयला परियोजना क्षेत्र में शनिवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने कोयला लदे हाईवा वाहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि अपराधी मौके पर धमकी भरा पर्चा छोड़कर फरार हो गए। पुलिस इस पूरे मामले को रंगदारी और गैंगवार से जोड़कर जांच कर रही है।
चालक और स्थानीय लोग दहशत में
जानकारी के अनुसार, बड़कागांव थाना क्षेत्र स्थित तेरह माइल के पास पहले से घात लगाए बैठे तीन अपराधियों ने जैसे ही कोयला लदे दो हाईवा वहां पहुंचे, उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। करीब सात राउंड गोलियां चलाने के बाद बदमाशों ने लोहे की रॉड से दोनों वाहनों के शीशे भी तोड़ डाले। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन हमले से चालक और स्थानीय लोग दहशत में आ गए। कुछ समय के लिए कोयला ढुलाई भी प्रभावित रही।
गैंगस्टर प्रिंस खान से जुड़ा ऑडियो हुआ वायरल
घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को ‘प्रिंस खान केएसएस’ नाम का एक धमकी भरा पर्चा मिला है। इसी बीच सोशल मीडिया पर वासेपुर के गैंगस्टर प्रिंस खान से जुड़ा एक कथित ऑडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि पुलिस ने ऑडियो की पुष्टि नहीं की है और इसकी फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमले के पीछे रंगदारी वसूली की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी इनपुट के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। पूरे कोयला क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हमलावरों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।


