कैथल: हरियाणा के कैथल में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक वैटर्नरी सर्जन को 28 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर भैंसों के लोन की फाइल क्लियर करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

गांव सोंगरी निवासी राममेहर ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उसकी प्रताप गेट स्थित डेयरी के लिए भैंसों पर लोन करवाना था। इसके लिए लोन फाइल पर वैटर्नरी सर्जन की जांच और प्रमाणित मोहर जरूरी थी, जिससे यह सत्यापित किया जाता है कि जिन पशुओं पर लोन लिया जा रहा है वे जीवित और स्वस्थ हैं।

शिकायत के अनुसार, वैटर्नरी सर्जन अंकुर ने फाइल क्लियर करने के बदले पहले 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। बाद में सौदा 28 हजार रुपये में तय हुआ। आरोप है कि आरोपी लगातार फोन कर पैसे देने का दबाव बना रहा था और कह रहा था कि रिश्वत मिलने के बाद ही फाइल आगे बढ़ाई जाएगी।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने विश्वकर्मा चौक स्थित सत्संग भवन के पास आरोपी को 28 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल एंटी करप्शन ब्यूरो आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m