संजीव, सोनीपत। राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने बीसवां मील चौक पर अचानक विशेष अभियान चलाया. इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई दुकानों और अस्थाई कब्जों को मौके से हटवा दिया गया. अधिकारियों की इस अचानक कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया.

घेवर विक्रेताओं पर गिरी गाज
सावन के मौसम में एनएच 44 के किनारे बड़ी संख्या में अवैध रूप से घेवर की दुकानें सजा ली गई थीं. इन दुकानों के बाहर गाड़ियां खड़ी होने से आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही थी. पुलिस की टीम ने हाईवे पर अवैध रूप से घेवर बेच रहे दुकानदारों और वाहन चालकों के चालान काटे. इसके साथ ही नियमानुसार कई दुकानदारों को नोटिस भी जारी किए गए.

दोबारा दुकान लगाने पर जब्त होंगी गाड़ियां
संयुक्त टीम ने सभी दुकानदारों को सख्त हिदायत दी है. अधिकारियों ने साफ कहा है कि हाईवे पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अगर कोई व्यक्ति भविष्य में दोबारा एनएच 44 पर अवैध रूप से दुकान लगाता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही उनके वाहनों को भी तुरंत जब्त कर लिया जाएगा.
हादसों को रोकने के लिए उठाया कदम
सोनीपत पुलिस ने आम लोगों और दुकानदारों से अपील की है कि वे हाईवे पर अतिक्रमण न करें. पुलिस का कहना है कि मुख्य सड़क पर दुकानें लगाने और गाड़ियां खड़ी करने से गंभीर हादसे हो सकते हैं. सड़क सुरक्षा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन का सहयोग करना बहुत जरूरी है. यातायात थाना मुरथल के नेतृत्व में चलाया गया यह अभियान पूरी तरह सफल रहा.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


