फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां जिला कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही हिसार से तुरंत डॉग स्क्वॉयड और बम डिस्पोजल दस्ते की टीमों को बुलाया गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करवा लिया गया है और मुख्य गेट पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। पुलिस अब इस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है।

ईमेल के जरिए मिली थी धमकी

शुरुआती जानकारी के अनुसार, सेशन कोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा संदेश भेजा गया था, जिसमें कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। जैसे ही यह बात सामने आई, तुरंत इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर को दी गई। एसपी ने खुद मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। इसके बाद सिटी थाना प्रभारी और उनकी टीम ने मिलकर कोर्ट के चप्पे-चप्पे की तलाशी का अभियान शुरू कर दिया है।

पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां

यह पहली बार नहीं है जब जिले के किसी सरकारी संस्थान को इस तरह की धमकी मिली हो। इससे करीब छः महीने पहले फतेहाबाद के लघु सचिवालय को भी उड़ाने की धमकी दी गई थी। तब उपायुक्त की ईमेल पर सुबह के समय एक संदेश आया था, जिसके बाद पूरे प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई थी। हालांकि, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की लंबी जांच-पड़ताल के बाद वह धमकी फर्जी साबित हुई थी। एक बार फिर वैसी ही घटना सामने आने के बाद पुलिस ईमेल भेजने वाले का पता लगाने में जुटी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m