बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान फायरिंग की घटना सामने आने से मुंबई में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार तीन हमलावरों ने मौके पर गोलीबारी की, जिसमें अभिनेता के ड्राइवर समेत दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद सामने आए वीडियो में अफरा-तफरी के बीच टाइगर श्रॉफ कार की ड्राइविंग सीट संभालते नजर आ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बाइक सवार तीन हमलावरों ने की फायरिंग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन हमलावर मौके पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि इनमें से दो ने फायरिंग की। एक ने तीन राउंड और दूसरे ने एक राउंड गोली चलाई। घटना के दौरान करीब पांच राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई देने की बात भी सामने आई है। गोलीबारी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
फायरिंग के दौरान टाइगर श्रॉफ की कार की दिशा में गोलियां चलाए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, अभिनेता को निशाना बनाए जाने के पीछे की वजह और हमले का मकसद अभी आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं हुआ है।
टाइगर श्रॉफ ने संभाली कार की कमान, वीडियो वायरल
घटना के बाद सामने आए वीडियो में लोग घबराकर चिल्लाते और इधर-उधर भागते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग ‘गोली लग गई’ और ‘टाइगर भाई’ कहते सुनाई देते हैं। बताया जा रहा है कि ड्राइवर के घायल होने के बाद टाइगर श्रॉफ ने खुद कार की ड्राइविंग सीट संभाली और वहां से निकल गए। घटना के दौरान कार के पास खून दिखाई देने की बात भी कही जा रही है। हालांकि, वीडियो के आधार पर इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है कि खून किसका था।
दो अस्पतालों में घायलों का इलाज
जानकारी के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि करीब 35 वर्षीय दूसरे घायल को कूपर अस्पताल ले जाया गया। दूसरे घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है।
लॉरेंस गैंग के नाम से सोशल मीडिया पोस्ट
हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। अनिल पंडित की पोस्ट में लिखा गया है, “जय महाकाल…जय श्री राम. राम राम जी सभी भाइयों को. आज जो ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है, इसकी जिम्मेदारी, मैं अनिल पंडित (लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई) और हरमन संधू लेते हैं. इसको हमने कॉल कर के समझाया था, पर इसको समझ नहीं आई, इसलिए आज इसको बढ़िया तरह से समझा दिया. और जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा, अगला नंबर उसका होगा. वेट एंड वॉच.” पोस्ट में आगे लिखा गया है, “नोट: और कुछ दूसरे ग्रुप के कुत्ते जो हमारे नाम से फेम लेने की सोचते हैं, इनको जल्दी ही मार के फेसम करेंगे. सलाम सहीदा नू.”
SIR पर चुनाव आयोग में फूट! 10 महीने में 14 बार दो चुनाव आयुक्तों ने फैसलों पर जताई नाराजगी, जानकारी के बिना निर्णय लेने का लगाया आरोप
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

