अतीश दीपंकर, भागलपुर। जिले के नवगछिया में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने इलाके में सनसनी फैला दी है।वायरल वीडियो में कुछ युवक शादी समारोह के दौरान खुलेआम हथियार लहराते और ताबड़तोड़ फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहे लोगों में बहुचर्चित विनोद यादव हत्याकांड के नामजद आरोपी अजीत कुमार और उसके सहयोगी भी शामिल हैं।

लोगों में भय का माहौल

वीडियो सामने आने के बाद इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार शादी समारोह में हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन और फायरिंग की गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। यह वीडियो भागलपुर के नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के गोसाईं गांव में आयोजित एक शादी समारोह का बताया जा रहा है।

विंटर सीजन के दौरान का है वीडियो

इधर, नवगछिया पुलिस जिला की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि 22 मई को सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें 2-3 व्यक्तियों द्वारा हथियार का प्रदर्शन और फायरिंग करते देखा गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल वीडियो का सत्यापन कराया गया। जांच में पता चला कि वीडियो विंटर सीजन के दौरान आयोजित एक शादी समारोह का है, जो इस समय सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

पुलिस के अनुसार गोपालपुर थाना कांड संख्या-173/26 दर्ज कर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी की गई है और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है। पुलिस ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि अवैध हथियार रखना और सार्वजनिक रूप से उसका प्रदर्शन करना दंडनीय अपराध है। ऐसा न करें और न ही किसी को करने दें। फिलहाल वायरल वीडियो पूरे नवगछिया इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- अश्लील गानों पर डांस और हथियारों के प्रदर्शन मामले में अनंत सिंह को मिली बड़ी राहत, जानें पूरा मामला?