सुरेश पांडेय, सिंगरौली। मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के देवसर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कठदहा में जी राम जी के तहत जेसीबी मशीन से काम कराए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस काम को मजदूरों के माध्यम से कराया जाना चाहिए, वहां मशीन लगाकर कार्य कराया जा रहा है।
योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराना
बताया जा रहा है कि मनरेगा योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराना है, लेकिन ग्राम पंचायत कठदहा में नियमों की अनदेखी कर जेसीबी मशीन से कार्य कराए जाने की बात सामने आ रही है। जब इस संबंध में जनपद पंचायत देवसर के सीईओ से सवाल किया गया तो उन्होंने सीधे जवाब देने की बजाय कहा कि “वीडियो भेजिए, हम जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।”
ग्रामीणों में नाराजगी
सीईओ के इस जवाब को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों को स्वयं संज्ञान लेकर मौके पर जांच करनी चाहिए, ताकि योजना के नियमों का पालन हो सके और मजदूरों को उनका हक मिल सके। अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस मामले में जांच कर क्या कार्रवाई करता है।

