मनेंन्द्र पटेल, दुर्ग। बच्चों की सुरक्षा के लिए बने चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में एक महिला के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है, जहां एक कथित यूट्यूबर ने महिला की लात-घूंसे से पिटाई कर दी। घटना का सीसीटीवी फूटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने शासकीय काम में बाधा और महिला के साथ मारपीट के साथ छेड़छाड़ के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है।
कथित युट्यूबर ने कलेक्टर को दिया था पत्र
दरअसल, पूरा मामला पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र स्थित महिला बाल विकास विभाग का है। हनु नायक नामक कथित युट्यूबर ने खुद को पत्रकार संघ का अध्यक्ष बताते हुए दुर्ग कलेक्टर को एक पत्र दिया, जिसमें बच्चों से नेशनल हाइवे पर भीख मंगवाने और काम कराने से रोकने की शिकायत की गई।
सबंधित विभाग को पत्र मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने नेहरू नगर चौक पर कारों के शीशे साफ कर रही 14-15 वर्षीय किशोरी को संरक्षण में लिया था। इसके बाद 7 अक्टूबर को बच्ची की मां को समझाइश के लिए कार्यालय बुलाया गया और शिकायत कर्ता को भी कार्यालय बुलाया गया।
मारपीट कर दी झूठे केस में फंसाने की धमकी
आरोप है कि बच्ची के स्कूल न जाने को लेकर बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। इसी दौरान यूट्यूबर ने आपा खोते हुए महिला को जमीन पर पटकते हुए थप्पड़ मारे और लात घुसे मारे। इतना ही नहीं, उसने महिला को गांजा रखकर झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। फुटेज वायरल होते ही चाइल्ड हेल्पलाइन प्रभारी चंद्रप्रकाश पटेल ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
केंद्र के भीतर इस तरह की हरकत बेहद गंभीर- प्रबंधन
प्रबंधन का कहना है कि सरकारी संरक्षण केंद्र के भीतर इस तरह की हरकत बेहद गंभीर है। फिलहाल पद्मनाभपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर महिला गोलुबाई ने पद्मनाभपुर थाने में भी आरोपी के खिलाफ अपने साथ अश्लील हरकते करने और मारपीट करने के तहत अपराध दर्ज कराया है।

मामला दर्ज कर की जा रही कार्रवाई- एएसपी
वहीं एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में एक व्यक्ति के द्वारा कार्यालय में घुसकर अधिकारियों के साथ मारपीट की सूचना आई थी, कार्यालय में उपस्थित एक महिला के साथ भी मारपीट की गई है। पदमनाभपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है, आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

