रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ कथित आपत्तिजनक बयान और लोगों को उकसाने के मामले में रांची के कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विश्वजीत समादार को गिरफ्तार किया है।
मामला जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन से जुड़े एक वायरल फेसबुक वीडियो का है। शिकायतकर्ता बुद्ध विहार निवासी सुजीत कुमार कुजूर ने आरोप लगाया कि वीडियो में एक युवक मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कथित तौर पर घर में घुसकर जान से मारने और घर उजाड़ने जैसी बातें कह रहा था। शिकायत में लोगों को भड़काने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने वीडियो की जांच के बाद उसमें नजर आ रहे युवक की पहचान बोकारो थर्मल के सिक्स यूनिट, गोविंदपुर निवासी विश्वजीत समादार के रूप में की। इसके बाद कोतवाली थाना में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
‘टीम भैरव’ की टी-शर्ट को लेकर भी शिकायत
इस मामले में सामाजिक कार्यकर्ता भैरव सिंह ने भी रांची SSP से शिकायत की है। उनका कहना है कि वीडियो में युवक ने ‘टीम भैरव’ की टी-शर्ट पहन रखी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे उनकी टीम की छवि खराब हुई है और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
वायरल वीडियो की पुलिस कर रही जांच
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, उसमें कही गई बातों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कब और कहां बनाया गया तथा इसके प्रसार से जुड़े अन्य पहलुओं में कौन-कौन लोग शामिल हैं।


