संदीप शर्मा, विदिशा। Vidisha Road Accident: मध्य प्रदेश के विदिशा में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां पाइप से भरे ट्रक के पलटने से मासूम की मौत हो गई। वहीं एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा लटेरी के मुरवास क्षेत्र में हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक में भारी मात्रा में पाइप लदे हुए थे। अचानक संतुलन बिगड़ने से वाहन सड़क किनारे पलट गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, गाय के अचानक सामने आने की वजह से यह दुर्घटना हुई है। जिसकी वजह से ट्रक ने अचानक ब्रेक लगाया और अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान वाहन से भारी पाइप नीचे गिर गए। बहन के साथ पैदल जा रहा 13 साल का आयन इसकी चपेट में आ गया। उसकी बहन भी घायल हो गई।
दोनों को फौरन अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बच्ची की हालत गंभीर है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए ड्राइवर को गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया है। वहीं मामले की जांच में जुट गई है।

