दिल्ली सरकार की विद्या वाहिनी योजना के तहत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने सोमवार को दिल्ली विधानसभा परिसर में कक्षा 9वीं की छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। इस अवसर पर उत्तरी जिले के जोन-7 की 200 छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य छात्राओं के लिए स्कूल तक पहुंच को आसान बनाना, शिक्षा में उनकी निरंतरता सुनिश्चित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाना है। साइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। विद्या वाहिनी योजना के माध्यम से उन छात्राओं को सहायता दी जा रही है जिन्हें स्कूल आने-जाने में दूरी और परिवहन संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मुख्यमंत्री ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी बेटी की पढ़ाई दूरी या परिवहन संबंधी समस्याओं के कारण प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और बेटियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

रेखा गुप्ता ने कहा, “एक साइकिल सिर्फ स्कूल आने-जाने का साधन नहीं है, बल्कि यह बेटियों के सपनों को नई दिशा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम है। हम चाहते हैं कि हमारी बेटियां बिना किसी बाधा के अपनी शिक्षा पूरी करें और जीवन में आगे बढ़ें।” उन्होंने कहा कि विद्या वाहिनी योजना के जरिए छात्राओं को न केवल सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराया जा रहा है, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक या भौगोलिक कारण किसी भी छात्रा की शिक्षा में रुकावट न बनें।

उन्होंने कहा कि ‘विद्या वाहिनी योजना’ के माध्यम से दिल्ली सरकार बेटियों की शिक्षा को अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कक्षा 9 में पढ़ने वाली लगभग 1.40 लाख छात्राओं को योजना के तहत साइकिलें वितरित की जा रही हैं। बेटियों की शिक्षा में किया गया निवेश समाज के उज्ज्वल भविष्य में किया गया निवेश है। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है कि दिल्ली की बेटियों को शिक्षा, आधुनिक सुविधाओं और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।

दिल्ली सरकार की विद्या वाहिनी योजना के तहत साइकिल वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छात्राओं को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्राएं इस सुविधा का उपयोग अपनी पढ़ाई को और मजबूत बनाने के लिए करें, अपने लक्ष्य निर्धारित करें और पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ ऐसा वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां वे बिना किसी बाधा के अपने सपनों को पूरा कर सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो बच्चों, विशेषकर बेटियों, को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाती है। रेखा गुप्ता ने छात्राओं से कहा कि वे अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखें और जीवन में आगे बढ़ने के हर अवसर का पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार ऐसे प्रयास कर रही है, जिससे किसी भी छात्रा की पढ़ाई दूरी, संसाधनों की कमी या अन्य चुनौतियों के कारण प्रभावित न हो।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलावों की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराना केवल परिवहन सुविधा देना नहीं है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और उनके सपनों को नई उड़ान देने का प्रयास है। आशीष सूद ने कहा, “यह पहल छात्राओं को बाधाओं को पार करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। मुख्यमंत्री के निरंतर सहयोग और नारी शक्ति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं।” उन्होंने कहा कि विद्या वाहिनी योजना के माध्यम से सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि दिल्ली की कोई भी छात्रा शिक्षा की यात्रा में पीछे न छूटे। योजना का उद्देश्य बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना, स्कूल तक पहुंच को आसान बनाना और छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m