कुंदन मिश्रा, जहानाबाद। जिले के मखदुमपुर अंचल कार्यालय में आज बुधवार (8, जुलाई) को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (पटना) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी टीम ने अंचल कार्यालय से अमीन अनिल कुमार सिंह को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया। इस छापेमारी का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक श्री राम चौधरी ने किया।
जमीन नापी के बदले मांगी थी रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, गया जिले के बेलागंज निवासी विमलेश कुमार उर्फ राखी वर्मा ने अपनी 26 डिसमिल जमीन की नापी के लिए 5 फरवरी को ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन के बावजूद अमीन अनिल कुमार लगातार उन्हें टालते रहे और बाद में जमीन की नापी कराने के एवज में 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई। बार-बार रिश्वत मांगने से परेशान होकर विमलेश कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी।
निगरानी टीम ने रंगे हाथ किया गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो की टीम ने 23 जून को मामले का सत्यापन किया, जांच के दौरान रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए, जिसके बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। इसी कम्र में आज बुधवार को मखदुमपुर अंचल कार्यालय के रिकॉर्ड रूम में शिकायतकर्ता जैसे ही अमीन अनिल कुमार सिंह को 5 हजार रुपये दे रहा था, वहां पहले से मौजूद निगरानी टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
आरोपी अमीन को पटना ले गई निगरानी टीम
गिरफ्तारी के बाद निगरानी ब्यूरो की टीम आरोपी अमीन को अपने साथ पटना लेकर चली गई, जहां उससे पूछताछ के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि मामले में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है।
निगरानी ब्यूरो ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी शिकायत तुरंत निगरानी विभाग से करें। शिकायत सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- कैमूर में दुर्गावती प्रखंड BDO पर लगे भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, तकनीकी और वित्तीय जांच की मांग

