कुंदन कुमार, पटना। बिहार में भ्रष्टाचार अधिकारियों के खिलाफ विशेष निगरानी विभाग द्वारा कड़ी कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में निगरानी टीम ने आज मंगलवार (24 मार्च) की सुबह-सुबह शिवहर के उप विकास आयुक्त सह मुख्य पदाधिकारी बृजेश कुमार के आवास पर छापेमारी की है। टीम ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की है।

जान-बूझकर अर्जित की नाजायज संपत्ति

बृजेश कुमार पर आरोप है कि सेवा अवधि के दौरान विभिन्न पदों पर रहते हुए और बिहार सरकार में एक लोक सेवक होने के नाते उन्होंने अवैध रूप से और जान बूझकर लगभग 1,84,32,900 रुपये की नाजायज संपत्ति अर्जित की, जो उनके ज्ञात कानूनी आय के स्रोतों से अधिक है।

विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

इस संबंध में निगरानी विभाग ने अभियुक्त के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की विभिन्न धाराओं  के तहत आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में कांड संख्या-11/2026 दर्ज किया है।

अन्य ठिकानों पर भी चल रही छापेमारी

मामले में विशेष निगरानी इकाई की टीम ने विशेष न्यायाधीश, निगरानी, पटना द्वारा जारी सर्च वारंट के आधार पर एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी शुरू की है। यह कार्रवाई बेतिया, सीतामढ़ी और शिवहर में आरोपी के सरकारी कार्यालयों और आवासीय परिसरों में की जा रही है।

ये भी पढ़ें- CM नीतीश का रोहतास दौरा आज, जिले को देंगे 480 करोड़ की सौगात, हेलीपैड से लेकर जनसभा तक सभी तैयारियां पूरी