कुंदन कुमार/पटना। बिहार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्य में जन-सुनवाई और प्रशासनिक सक्रियता को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि एनडीए सरकार जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और राज्य में सुशासन के एजेंडे को प्राथमिकता के साथ लागू किया जा रहा है।
जन-समस्याओं के निवारण के लिए सहयोग कार्यक्रम प्रभावी
मंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ भाजपा कार्यालय में भी मंत्रियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है ताकि आम जनता की शिकायतों को सीधे सुना जा सके। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भाजपा कार्यालय में आयोजित सहयोग कार्यक्रम जनता के लिए बेहद मददगार साबित हो रहा है। आम लोगों की समस्याओं को न केवल सुना जा रहा है, बल्कि उनका प्राथमिकता के आधार पर निवारण भी किया जा रहा है।
ऑन स्पॉट समाधान और जवाबदेही पर जोर
अपने विभागों के कामकाज पर चर्चा करते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि विभाग से संबंधित जो भी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, उनका तुरंत (ऑन स्पॉट) समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा हमारा उद्देश्य जनता और सरकार के बीच की दूरी को मिटाना है ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर सरकार का रुख कड़ा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी व्यक्ति गलत करेगा उसके खिलाफ सरकार सख्त कानूनी कार्रवाई करने में कोई संकोच नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार की प्राथमिकता पारदर्शिता और जवाबदेही है। सुशासन की राह में जो भी बाधा बनेगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।

