विनोद सैनी, कैथल। अखिल भारतीय मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के संगठन विस्तार और समाज के सर्वांगीण विकास को लेकर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में विजय सोनी “बिट्टू” को समाज का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। यह निर्णय समाज के प्रदेशाध्यक्ष लखीराम सोनी द्वारा समाज के वरिष्ठ और प्रतिष्ठित जनों से विचार-विमर्श के बाद लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष लखीराम सोनी ने की। इस दौरान जोगिन्द्र भामा, पवन लाम्बा, महेन्द्र सोनी, नवीन सोनी, सतीश सोनी, सिकंदर सोनी सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, समाज के लोगों को एकजुट करने और सामाजिक विकास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से विजय सोनी “बिट्टू” को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए प्रदेशाध्यक्ष लखीराम सोनी ने कहा कि विजय सोनी लंबे समय से समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा समाज को नई दिशा मिलेगी।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि विजय सोनी ने हमेशा सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता दी है और भविष्य में भी समाज के कल्याण के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित और जागरूक बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण साबित होगी।
गौरतलब है कि विजय सोनी “बिट्टू” इससे पहले महाराज अजमीढ़ जी स्वर्णकार विकास ट्रस्ट के अध्यक्ष के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उनके कार्यकाल में स्वर्णकार समाज की धर्मशाला के लिए आवंटित भूमि से जुड़ी प्रशासनिक बाधाओं को दूर कराया गया था। साथ ही तत्कालीन उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से धर्मशाला का शिलान्यास करवाकर निर्माण कार्य शुरू कराने में भी उनकी अहम भूमिका रही थी।
अपनी नियुक्ति पर विजय सोनी ने प्रदेशाध्यक्ष, समाज के वरिष्ठजनों और सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उनका लक्ष्य समाज के हर व्यक्ति तक संगठन की आवाज पहुंचाना और युवाओं सहित सभी वर्गों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना रहेगा।
उन्होंने कहा कि जागरूक और संगठित समाज ही विकास की राह पर आगे बढ़ सकता है। इसलिए समाज के हर व्यक्ति को जोड़कर शिक्षा, सामाजिक उत्थान और संगठनात्मक मजबूती के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।

