अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। मेहनत और अटूट संकल्प जब मिल जाएं, तो सफलता के रास्ते खुद-ब-खुद बन जाते हैं। इस बात को चरितार्थ कर दिखाया है रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड अंतर्गत सिकरौर गांव के निवासी विकेश कुमार दुबे ने। विकेश ने कठिन मानी जाने वाली एनडीए (NDA) परीक्षा में सफलता हासिल कर न केवल अपने गांव, बल्कि पूरे बिहार राज्य का नाम गौरवान्वित किया है।
जोरदार अभिनंदन हुआ
अपना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद जब विकेश कुमार दुबे पहली बार अपने गृह नगर सासाराम पहुंचे, तो वहां का नजारा उत्सव जैसा था। सासाराम रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के पोस्ट प्रभारी संजीव कुमार ने विकेश का माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर भव्य स्वागत किया। एक सैन्य अधिकारी के रूप में लौट रहे युवा का स्वागत करना पूरे स्टेशन परिसर के लिए गौरव का क्षण था।
विरासत में मिली देशसेवा की प्रेरणा
विकेश की इस सफलता के पीछे उनके पारिवारिक संस्कार और कड़ी मेहनत की बड़ी भूमिका है। उनके पिता स्वयं भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए विकेश ने बचपन से ही सेना में अधिकारी बनने का सपना संजोया था। विकेश के जीजा, विजय चौबे ने बताया कि यह उपलब्धि विकेश की दिन-रात की तपस्या और लगन का परिणाम है।
खुशी से छलकी परिजनों की आंखें
स्टेशन परिसर में स्वागत के दौरान विकेश के माता-पिता और रिश्तेदारों की मौजूदगी रही। बेटे को वर्दी में देख माता-पिता के चेहरे की चमक और खुशी साफ बयां कर रही थी कि उनके संघर्षों को आज प्रतिफल मिल गया है। पूरा परिवार आज खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। विकेश की यह कहानी क्षेत्र के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का नया स्रोत बनेगी।
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

