Viksit Bharat Young Leaders Dialogue : सोनीपत, 14 सितंबर। युवाओं की प्रतिभा, नवाचार और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर मंच देने के उद्देश्य से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसी को लेकर माई भारत कार्यालय, सोनीपत में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता माई भारत सोनीपत की जिला युवा अधिकारी (अतिरिक्त प्रभार) अंजली चौधरी ने की।

15 से 29 वर्ष के युवा कर सकते हैं पंजीकरण

अंजली चौधरी ने बताया कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके जरिए युवा अपने विचार, नवाचार और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर सकते हैं और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का प्रथम चरण माई भारत पोर्टल पर लाइव हो चुका है। इसमें 15 से 29 वर्ष की आयु के युवा हिस्सा ले सकते हैं। उन्होंने जिले के युवाओं से अपील की कि वे माई भारत पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण करवाएं और इस अवसर का लाभ उठाएं।

राष्ट्र निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका

अंजली चौधरी ने कहा कि युवा सिर्फ देश का भविष्य नहीं हैं, बल्कि वर्तमान में भी राष्ट्र की प्रगति के महत्वपूर्ण भागीदार हैं। विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं की ऊर्जा, रचनात्मक सोच, नवाचार और नेतृत्व क्षमता का सकारात्मक उपयोग जरूरी है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के माध्यम से युवाओं को अपनी बात रखने और विचार साझा करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही वे राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी सोच और सुझाव सामने रख सकेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m