राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्यप्रदेश के नीमच जिले की जावद विधानसभा के ग्राम बंगरेड में बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लोकार्पण कार्यक्रम के बाद गांव की खराब सड़क और अधूरे विकास कार्यों को लेकर नाराज ग्रामीणों ने विधायक को घेर लिया। देखते ही देखते माहौल गर्मा गया और ग्रामीणों ने विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान “चोर-चोर” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

पहुंचने के लिए आज भी सड़क नहीं बनी

ग्रामीणों का आरोप था कि गांव में लाखों रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तो बना दिया गया, लेकिन वहां तक पहुंचने के लिए आज भी पक्की सड़क नहीं बनाई गई। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं और विधायक द्वारा कई बार आश्वासन भी दिया गया, लेकिन अब तक समस्या जस की तस बनी हुई है।

विधायक से जवाब मांगते नजर आए

विरोध के दौरान स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब कुछ ग्रामीणों और विधायक की सुरक्षा में तैनात गार्ड के बीच तीखी बहस हो गई। सामने आए वीडियो में धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी दिखाई दे रही है। वहीं आक्रोशित ग्रामीण लगातार अपनी नाराजगी जताते रहे और विधायक से जवाब मांगते नजर आए।

उनका विरोध जारी रहेगा

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में ओमप्रकाश सकलेचा समर्थकों और सुरक्षा कर्मियों के साथ भीड़ के बीच से निकलते दिखाई दे रहे हैं। यह घटना अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और विपक्ष को भी बीजेपी पर हमला बोलने का मौका मिल गया है। ग्रामीणों का साफ कहना है कि जब तक सड़क निर्माण नहीं होगा, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m