हेमंत गुर्जर, बागली (देवास)। देवास जिले के बागली क्षेत्र के जिनवानी वन परिक्षेत्र में अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग और पुलिस की टीम पर ग्रामीणों द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में 6/7 वनकर्मी घायल हो गए, जबकि शासकीय वाहन और जेसीबी मशीन को भी नुकसान पहुंचा है।

 जानकारी के अनुसार 13 जून को जिनवानी वन परिक्षेत्र के कमलापुर बीट स्थित कक्ष क्रमांक 94 में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए वन विभाग के पांच परिक्षेत्रों का अमला और कमलापुर पुलिस की टीम संयुक्त कार्रवाई के लिए पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान भीलआमला गांव के कुछ महिला-पुरुषों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते टीम पर पथराव कर दिया। 

पथराव में जेसीबी मशीन तथा शासकीय वाहनों के कांच टूट गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में वनरक्षक मोहन पंचोनिया, ज्योति जाट, कमल राणा, देवकरण मालवीय, सूरज धांधे तथा वनपाल एवं परिक्षेत्र सहायक के.के. परमार घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए कमलापुर स्वास्थ्य केंद्र और आरआर अस्पताल चापड़ा भेजा गया। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m