दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में गोवंश तस्करी के खिलाफ ग्रामीणों ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। आरी ढोडई गांव के पास सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे एक पिकअप वाहन को ग्रामीणों ने रोका, जिसमें दो गायें लदी हुई थीं। ग्रामीणों को शक हुआ कि इन गोवंशों को कत्लखाने ले जाया जा रहा था।
READ MORE: बीच सड़क होर्डिंग पोल से लटका मिला युवक: परिजनों ने नामजद लोगों पर लगाए गंभीर आरोप, हत्या या आत्महत्या में उलझी मौत की गुत्थी
इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गायों को वाहन से उतारा और लगभग आधे घंटे तक घटनाक्रम चलता रहा। अंत में उन्होंने तस्करी के प्रयास में इस्तेमाल पिकअप गाड़ी में आग लगा दी। ड्राइवर मौके से फरार हो गया। इधर सूचना मिलते ही माखन नगर थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके अपने बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पिकअप पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि वे गौ-हत्या और तस्करी के खिलाफ सतर्क हैं और ऐसी किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेंगे। फ़िलहाल पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

