आकाश श्रीवास्तव, नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच जिले के मांगरोल चक गांव में एक छेड़छाड़ के मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मदन बंजारा नामक युवक पर आरोप है कि उसने गांव की एक विधवा महिला के घर में घुसकर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला और उसके बेटे ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को पेड़ से बांध दिया। उन्होंने आरोपी के सिर के बाल काट दिए, मूंछें-भौंहें साफ कर दीं, जूतों की माला पहनाई और पूरे गांव में घुमाकर सजा दी।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि महिला की सुरक्षा और सम्मान के लिए उन्होंने यह कदम उठाया, जबकि कानूनी रूप से ऐसे कृत्यों की निंदा भी की जा रही है।

