हांसी। हरियाणा के हांसी के ढाणी कुतुबपुर गांव में पीने के पानी की समस्या को लेकर बुधवार रात को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लंबे समय से आ रहे खारे पानी और नहरी पानी की अनियमित सप्लाई से परेशान होकर बड़ी संख्या में लोग गांव के वाटर बॉक्स पर जमा हो गए और जल विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर इस समस्या का पक्का समाधान नहीं किया गया, तो वे बड़ा धरना प्रदर्शन करेंगे।

लंबे समय से पीने के लिए खारे पानी की सप्लाई

गांव के रहने वाले राहुल शर्मा ने बताया कि गांव में लंबे समय से पीने के लिए खारे पानी की सप्लाई हो रही है, जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है। उनके अनुसार, वाटर बॉक्स के सभी टैंक नहरी पानी से भरे हुए हैं, लेकिन मोटर खराब होने के कारण पानी घरों तक नहीं पहुंच पाता है। जब कभी मोटर ठीक होती है, तो कोई नई तकनीकी खराबी सामने आ जाती है, जिससे सप्लाई फिर से रुक जाती है।

त्वचा से जुड़ी बीमारियां तेजी से फैल रही

ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण उन्हें मजबूरी में ट्यूबवेल का खारा पानी इस्तेमाल करना पड़ रहा है। इस खारे पानी के लगातार इस्तेमाल से गांव में त्वचा से जुड़ी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं, जिससे लोगों में भारी चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि वे कई बार विभाग के पास शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन अधिकारी कागजों में ही समस्या का समाधान दिखा देते हैं, जबकि जमीन पर हालात जस के तस बने हुए हैं।

ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया

बुधवार रात को जब ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू किया, तो इसकी खबर मिलते ही विभाग के अधिकारी हरकत में आए। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत की और आश्वासन दिया कि अगले 24 घंटे के भीतर पेयजल की इस समस्या को पूरी तरह से ठीक कर दिया जाएगा। अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस वादे को कितनी जल्दी पूरा करता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m