अजय सैनी, भिवानी। मलेशिया में आयोजित टेक्नो 293 और टेक्नो 293 प्लस एशियन चैंपियनशिप 2026 में भिवानी जिले के गांव कसुंभी के युवा खिलाड़ी विनय शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विनय ने अंडर-13 बॉयज कैटेगरी के साथ-साथ ओवरऑल कैटेगरी में भी गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
विनय की इस उपलब्धि से उनके गांव कसुंभी के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है। छोटी उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीतने पर परिवार, ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने विनय को बधाई दी है।
विनय के दादा ताराचंद शर्मा ने पोते की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि वे स्वयं भी विनय को खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि विनय ने अपनी मेहनत और लगन से परिवार और गांव का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विनय आगे भी इसी तरह मेहनत करते हुए देश के लिए पदक जीतता रहेगा।
वहीं, अंकुरम पब्लिक स्कूल कसुंभी के डायरेक्टर और विनय के चाचा कर्मवीर शर्मा ने कहा कि विनय का खेलों के प्रति शुरू से ही विशेष रुझान रहा है। वह खेल के साथ-साथ पढ़ाई में भी अच्छा प्रदर्शन करता है। उन्होंने बताया कि विनय अपने खेल को लेकर पूरी लगन से अभ्यास करता है और लगातार बेहतर करने का प्रयास करता है।
विनय की दोहरी सफलता पर परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने उसका उत्साह बढ़ाते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। गांव कसुंभी निवासी रामबिलास शर्मा, रामअवतार शर्मा, दलीप शर्मा और सोनू शर्मा सहित राइजिंग स्टार युवा मंडल कसुंभी के अकाउंटेंट पंकज शर्मा ने भी विनय को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दो स्वर्ण पदक जीतना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। विनय की सफलता से गांव के अन्य बच्चों और युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि विनय आगे भी कड़ी मेहनत जारी रखेगा और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में देश के लिए और अधिक पदक जीतकर भारत का नाम रोशन करेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


