सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में अगले साल होने जा रहे विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को पूरी तरह चुनावी मोड में लाने की कवायद तेज कर दी है. रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन किया. बैठक में उन्होंने पदाधिकारियों को संगठन की मजबूती के साथ जनविश्वास कायम रखने का मंत्र दिया.
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी जगदीश पटेल तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह समेत प्रदेश महामंत्री, क्षेत्रीय प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष और क्षेत्रीय महामंत्री सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.
बैठक में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पार्टी की ओर से चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा की गई. खास तौर पर बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता, चुनावी तैयारियों और अभियान की प्रगति पर चर्चा हुई. तावड़े ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया. उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि चुनावी सफलता के लिए बूथ की मजबूती सबसे महत्वपूर्ण है और प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभानी होगी.
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर संचालित होने वाले एक माह के सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर भी चर्चा हुई. इसके अलावा एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) पर भी चर्चा हुई. विनोद तावड़े ने संगठन में आपसी समन्वय और एकजुटता को चुनावी जीत की कुंजी बताते हुए कहा कि पार्टी में कोई छोटा या बड़ा नहीं है. सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को मिलकर एक टीम के रूप में काम करना होगा. संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता के विश्वास से बनती है.



