कुमार इंदर, जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के गोसलपुर थाना अंतर्गत गांधीग्राम इलाके में स्थित ‘सतना ढाबा’ पर कुछ बदमाशों ने खूनी संघर्ष को अंजाम दिया। ढाबा संचालक का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने खाना खाने के बाद आए बदमाशों से बिल की मांग कर ली थी। इसी बात से नाराज होकर बदमाशों ने ढाबा संचालक और वहां के कर्मचारियों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया।
जानलेवा हमला, ढाबे में की तोड़फोड़
बिल मांगने पर आगबबूला हुए बदमाशों ने आव देखा न ताव और ढाबा संचालक व कर्मियों को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस हमले में कई कर्मचारियों को गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट करने के बाद भी जब बदमाशों का मन नहीं भरा, तो उन्होंने पूरे ढाबे को अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने ढाबे के भीतर घूम-घूमकर आतंक मचाया और वहां रखे काउंटर, टेबल तथा कुर्सियों को लाठी-डंडे मार-मारकर चकनाचूर कर दिया।
CCTV फुटेज में कैद बदमाशों का आतंक
इस पूरी वारदात का एक बेहद डरावना सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है। इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह से बेखौफ बदमाश ढाबे के अंदर तांडव मचा रहे हैं। वे हाथों में लाठी-डंडे लहराते हुए काउंटर और फर्नीचर को तोड़ते नजर आ रहे हैं। इस फुटेज के सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
धमकी देकर फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद जाते-जाते बदमाशों ने ढाबा संचालक को खुलेआम धमकी दी। बदमाशों ने कहा “अगर दोबारा कभी हमसे बिल मांगा, तो सीधे जान से मार देंगे।” यह धमकी देते हुए सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही गोसलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी राज यादव, जीत रैकवार और उनके अन्य साथियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।

