अनिल मालवीय, सीहोर। इछावर नगर के मुख्य बस स्टैंड परिसर में उस समय अफरा-तफरी और भगदड़ का माहौल बन गया, जब फल का भाव तय करने की मामूली बात को लेकर दो फल विक्रेता गुटों में हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। दिनदहाड़े बीच सड़क पर चले डंडों से बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों और आम राहगीरों में दहशत फैल गई।
फल के दाम को लेकर बढ़ा विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की मुख्य वजह फल बेचने की दर (भाव) को लेकर आपस में प्रतिस्पर्धा थी। ग्राहक को कम-ज्यादा दाम में फल बेचने की बात पर दो ठेले वाले आपस में उलझ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों से समर्थक और रिश्तेदार लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए और जमकर मारपीट हुई।
दोनों पक्षों से 3-3 लोग घायल
इस खूनी संघर्ष में दोनों ही पक्षों को भारी नुकसान पहुंचा है। विवाद में दोनों ओर से 3-3 लोग (कुल 6 लोग) सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सभी घायलों को तुरंत इछावर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: 5 गिरफ्तार
इछावर थाना पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पक्ष के 5 लोगों सहित दोनों पक्षों के उपद्रवियों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस प्रशासन का बयान
इछावर बस स्टैंड पर फल के भाव को लेकर दो ठेले वालों के पक्षों में मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना में दोनों पक्षों के 3-3 लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक पक्ष से 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पक्षों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


