इदरीश मोहम्मद, पन्ना। जिले के अजयगढ़ थाना अंतर्गत सबदुआ गांव में महज उधार गुटखा देने से मना करने और पुराना बकाया मांगने पर दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए कि उन्होंने एक पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। दुकान पर शुरू हुआ मामूली विवाद रात में खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें एक ही परिवार के आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
दुकान पर विवाद के बाद थाने पहुंचे थे पीड़ित
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब दुकान संचालक ने उधार ‘राजश्री’ गुटका देने से इंकार कर दिया और पुराना बकाया चुकाने को कहा। इसी बात पर आरोपियों ने गाली-गलौज और विवाद शुरू कर दिया। पीड़ित राहुल जैन जब इस मामले की शिकायत दर्ज कराने अजयगढ़ थाने पहुंचे, तो इससे आरोपी और ज्यादा आक्रोशित हो गए। शिकायत से बौखलाए करीब 10 से 15 बदमाश लाठी-डंडों, ईंटों और पत्थरों से लैस होकर रात के अंधेरे में सीधे पीड़ितों के घर में जबरन घुस आए।
घर में घुसकर बेरहमी से पीटा, 6 से अधिक घायल
बदमाशों ने घर में घुसते ही तांडव मचाना शुरू कर दिया और बुजुर्गों व युवाओं पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस बर्बर हमले में राहुल जैन, महेंद्र जैन, राकेश जैन उर्फ धल्लू, अनीत जैन, राजेंद्र जैन, मनोज जैन और नीलेश जैन गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान हो गए। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
50-60 हजार रुपये का था बकाया, कड़ी कार्रवाई की मांग
पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि आरोपियों पर पहले से ही करीब 50 से 60 हजार रुपये का लेनदेन बकाया था। पैसे मांगने पर वे आए दिन धमकियां देते थे और क्षेत्र में उनकी गुंडागर्दी लगातार बढ़ती जा रही है। पीड़ित जैन परिवार ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि घर में घुसकर जानलेवा हमला करने वाले दबंगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



