IND vs WI ODI Series: भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज विराट कोहली और रोहित शर्मा ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर अपनी तैयारियों और भविष्य की योजनाओं पर तस्वीर काफी हद तक साफ कर दी है। विराट कोहली ने कहा है कि 2027 का वनडे वर्ल्ड कप भारत के लिए उनका आखिरी वर्ल्ड कप होगा। उन्होंने साफ कहा कि उनका लक्ष्य इस टूर्नामेंट में भारत को खिताब दिलाना है और इसके लिए वह अपना सबकुछ झोंकने को तैयार हैं।

कोहली ने एक मीडिया इंटरव्यू में बातचीत के दौरान कहा, “मेरे लिए यह भारत के लिए खेलने वाला आखिरी वर्ल्ड कप होगा। यही मेरी प्रेरणा है। मैं अपना सबकुछ मैदान पर छोड़ देना चाहता हूं। लक्ष्य बिल्कुल साफ है- वर्ल्ड कप जीतना और इसके लिए जो कुछ करना पड़े, मैं उसके लिए तैयार हूं।”

37 वर्षीय कोहली अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्होंने 2024 में टी-20 इंटरनेशनल और 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था। 2027 का वर्ल्ड कप उनका पांचवां वनडे वर्ल्ड कप होगा। वह 2011, 2015, 2019 और 2023 के वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। 2011 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने 28 साल बाद वनडे वर्ल्ड कप जीता था और कोहली उस टीम का हिस्सा थे।

54 वनडे शतक, वर्ल्ड कप में 1795 रन

विराट कोहली वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके नाम 54 वनडे शतक हैं और उन्होंने अब तक वनडे में 14,941 रन बनाए हैं। वर्ल्ड कप में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। 37 मैचों में कोहली ने 1,795 रन बनाए हैं। उनका औसत 59.83 का है। इस दौरान उन्होंने 5 शतक और 12 अर्धशतक लगाए हैं।

2023 में भारत रोहित शर्मा की कप्तानी में फाइनल तक पहुंचा था, लेकिन अहमदाबाद में खेले गए खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हरा दिया था। कोहली उस टीम का भी हिस्सा थे।

50 ओवर का मैच, ढाई टी-20 जितनी चुनौती

कोहली ने 50 ओवर के वर्ल्ड कप की चुनौती को भी विस्तार से बताया। उनके मुताबिक एक वनडे मुकाबले में खिलाड़ी को करीब ढाई टी-20 मैच जितनी क्रिकेट खेलनी पड़ती है। वर्ल्ड कप में इस चुनौती के साथ लगातार कई मैचों तक उसी स्तर की शारीरिक और मानसिक ऊर्जा बनाए रखना आसान नहीं होता।

2027 का वर्ल्ड कप भारत के बाहर होगा। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे। अलग-अलग मैदानों, परिस्थितियों और विरोधी टीमों के खिलाफ लगातार मुकाबले कोहली के मुताबिक इस टूर्नामेंट को और चुनौतीपूर्ण बनाएंगे।

रोहित बोले- जब तक खेल रहा हूं, आगे देखने के लिए कुछ न कुछ रहेगा

रोहित शर्मा ने भी 2027 वर्ल्ड कप को लेकर अपनी स्थिति साफ की है। उन्होंने कहा कि जब तक वह क्रिकेट खेल रहे हैं, उनके लिए कुछ न कुछ हासिल करने के लिए हमेशा मौजूद रहेगा। उनके मन में यह विचार नहीं आएगा कि उनका काम पूरा हो गया है।

रोहित ने कहा कि वर्ल्ड कप और आईसीसी टूर्नामेंट की चुनौती अलग होती है। अलग-अलग मैदानों और अलग-अलग टीमों के खिलाफ खेलना पड़ता है। ऐसे में हर मुकाबले के लिए तैयारी, रणनीति और सोच में बदलाव करना पड़ता है।

रोहित भी टेस्ट और टी-20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं और अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं।

रोहित के लिए 2027 में अधूरा सपना पूरा करने का मौका

रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत 2023 के वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंचा था। टीम को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। रोहित अब 2027 में एक बार फिर इस टूर्नामेंट में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।

उन्होंने भारत के लिए 2007 और 2024 में टी-20 वर्ल्ड कप जीता है, लेकिन वनडे वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उनके खाते में अब तक नहीं आई है। 2027 का टूर्नामेंट उनके लिए उस अधूरे अभियान को आगे बढ़ाने का एक और मौका होगा।

तिरुवनंतपुरम से शुरू होगा 2027 का सफर

भारत के 2027 वर्ल्ड कप अभियान की तैयारियां वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से आगे बढ़ेंगी। सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम, दूसरा 30 सितंबर को गुवाहाटी और तीसरा 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।

इसके बाद भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे और श्रीलंका के खिलाफ तीन वनडे खेलने हैं। 2027 की शुरुआत में जिम्बाब्वे के खिलाफ भी तीन वनडे प्रस्तावित हैं। इन मुकाबलों के जरिए टीम वर्ल्ड कप से पहले अपनी तैयारी और संयोजन को मजबूत करेगी।

गिल की कप्तानी पर कोहली का भरोसा

विराट कोहली ने भारतीय वनडे टीम के मौजूदा कप्तान शुभमन गिल की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि गिल अभी कप्तानी की भूमिका सीख रहे हैं, लेकिन उनमें भारतीय टीम का नेतृत्व करने के लिए सही सोच और इच्छाशक्ति मौजूद है।

कोहली के मुताबिक मैदान पर रणनीति को लेकर गिल की राय स्पष्ट है। अनुभव बढ़ने के साथ उनकी कप्तानी में भी सुधार होगा। उन्होंने यह भी कहा कि गिल में लंबे समय तक भारतीय टीम की कप्तानी करने की इच्छाशक्ति है।

2027 वर्ल्ड कप में अभी करीब एक साल का समय है। लेकिन भारत के लिए इसकी तैयारी अब शुरू हो चुकी है। एक तरफ कोहली ने इसे अपना आखिरी वर्ल्ड कप बता दिया है, वहीं रोहित के लिए यह वनडे वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने की एक और कोशिश होगी। दोनों दिग्गजों का फोकस अब वनडे क्रिकेट और 2027 के खिताबी अभियान पर है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H