जुबैर अंसारी/सुपौल। जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर हुई एक हत्या ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है। नगर पंचायत के वार्ड संख्या 5 में दिनदहाड़े अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद से ही क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।

​क्या है पूरा मामला?

​मिली जानकारी के अनुसार घटना रविवार दोपहर करीब 1:15 बजे की है। मृतक की पहचान बनेलीपट्टी पंचायत के मुंशी पिपराही वार्ड संख्या 3 निवासी गोपाल मंडल के 32 वर्षीय पुत्र मिथिलेश कुमार मंडल के रूप में हुई है। मिथिलेश नगर पंचायत वार्ड 5 स्थित एक चाय-नाश्ते की दुकान पर बैठा था। तभी इंडो-नेपाल बॉर्डर की तरफ से बाइक पर सवार होकर आए अपराधियों ने उसे निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों ने मिथिलेश पर करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं जिससे वह घटनास्थल पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी वीरपुर की ओर फरार हो गए।

​पुलिस की कार्रवाई और जांच

​घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार और वीरपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। सुपौल एसपी सरथ आर. एस. ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। एसपी सरथ आर. एस. ने बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा अर्जुन मंडल नामक युवक पर हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी दल का गठन कर दिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।

​पुरानी रंजिश और कानून व्यवस्था पर सवाल

​मृतक के भाई राजकुमार मंडल ने सीधे तौर पर गांव के ही अर्जुन मंडल पर हत्या का आरोप लगाया है। सूत्रों का कहना है कि आरोपी का नाम पहले भी नशीले पदार्थों के कारोबार में सामने आता रहा है। हालांकि पुलिस अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच का इंतजार कर रही है। सार्वजनिक स्थान पर हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने स्थानीय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू चाहे वह आपसी रंजिश हो या कोई अन्य विवाद की गहनता से जांच कर रही है।