Business Desk : टाटा ग्रुप की कंपनी Voltas का सितंबर तिमाही में मुनाफा सालाना आधार पर 53.4% बढ़कर ₹52.6 करोड़ हो गया। कंपनी का रेवेन्यू भी 15.3% बढ़कर ₹2,707 करोड़ पहुंच गया। इस ग्रोथ में रूम AC बिजनेस की बड़ी भूमिका रही, जहां वॉल्यूम 32% बढ़ा। हालांकि, शानदार नतीजों के बावजूद शुक्रवार को कंपनी का शेयर 1.47% गिरकर ₹1,099 पर बंद हुआ।
EBITDA और मार्जिन में सुधार
Voltas का EBITDA सालाना आधार पर 82.2% बढ़कर ₹128.3 करोड़ हो गया। पिछले साल की समान तिमाही में यह ₹70.4 करोड़ था। EBITDA मार्जिन भी 3% से बढ़कर 4.7% पहुंच गया। इससे कंपनी की ऑपरेशनल परफॉर्मेंस में सुधार दिखा।
रूम AC बिजनेस में 32% की ग्रोथ
कंपनी के रूम एयर कंडीशनर (AC) बिजनेस में दूसरी तिमाही के दौरान 32% वॉल्यूम ग्रोथ दर्ज हुई। सितंबर 2026 तक भारतीय रूम AC मार्केट में Voltas की हिस्सेदारी 17.4% रही। कंपनी ने इस सेगमेंट में अपनी नंबर-1 पोजिशन बनाए रखी।
यूनिटरी कूलिंग प्रोडक्ट्स (UCP) बिजनेस का रेवेन्यू भी 29% बढ़ा। कमोडिटी की कीमतों और करेंसी में उतार-चढ़ाव के दबाव के बावजूद कंपनी ने लागत पर नियंत्रण और ऑपरेशनल एफिशिएंसी से इस सेगमेंट की प्रॉफिटेबिलिटी में सुधार किया।
Voltas Beko की बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर
होम अप्लायंसेज बिजनेस में Voltas Beko ने दूसरी तिमाही में अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री दर्ज की। बेहतर प्रोडक्ट मिक्स, मार्केट शेयर में बढ़ोतरी और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के विस्तार से कारोबार को फायदा मिला।
सितंबर 2026 तक वॉशिंग मशीन मार्केट में इसकी सालाना हिस्सेदारी 8.8% और रेफ्रिजरेटर मार्केट में 7% रही। कंपनी ने फ्रॉस्ट-फ्री रेफ्रिजरेटर और फुली ऑटोमैटिक वॉशिंग मशीन की नई रेंज भी पेश की है।
प्रोजेक्ट बिजनेस का ऑर्डर बुक ₹6,800 करोड़ के पार
Voltas के इलेक्ट्रो-मैकेनिकल प्रोजेक्ट्स एंड सर्विसेज बिजनेस का कैरी फॉरवर्ड ऑर्डर बुक 30 सितंबर 2026 तक ₹6,800 करोड़ से ज्यादा रहा। कंपनी को इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, मेट्रो, टनल और डेटा सेंटर से जुड़े प्रोजेक्ट्स के ऑर्डर मिले हैं।
हालांकि, इस सेगमेंट का दूसरी तिमाही का रेवेन्यू सालाना आधार पर 15.5% घटकर ₹816.39 करोड़ रहा। कंपनी ने नए ऑर्डर लेने में सावधानी, प्रोजेक्ट समय पर पूरे करने और वर्किंग कैपिटल मैनेजमेंट पर ध्यान देने की बात कही है।

इंजीनियरिंग प्रोडक्ट्स बिजनेस का रेवेन्यू 33% बढ़ा
इंजीनियरिंग प्रोडक्ट्स एंड सर्विसेज सेगमेंट का रेवेन्यू दूसरी तिमाही में 33.3% बढ़कर ₹185.39 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी अवधि में यह ₹139.05 करोड़ था। इसमें माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट और टेक्सटाइल मशीनरी बिजनेस का बड़ा योगदान रहा।
माइनिंग और कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट कारोबार को क्रशिंग और स्क्रीनिंग मशीनों की मांग, ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट्स और आफ्टरमार्केट सर्विसेज से सपोर्ट मिला।
मैनेजिंग डायरेक्टर ने क्या कहा?
Voltas के मैनेजिंग डायरेक्टर सीपी मुकुंदन मेनन ने कहा कि वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में कंपनी के प्रमुख कारोबार में सुधार हुआ है। रूम AC सेगमेंट में ग्रोथ और मजबूत मार्केट शेयर के साथ कंपनी ने अपनी स्थिति बनाए रखी है।
उन्होंने कहा कि कंपनी नए प्रोडक्ट लॉन्च करने, डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क बढ़ाने, ग्राहक अनुभव बेहतर बनाने और मुनाफे के साथ कारोबार का विस्तार करने पर ध्यान दे रही है।
52 हफ्ते के हाई से 30% नीचे शेयर
शुक्रवार, 6 नवंबर को Voltas का शेयर 1.47% गिरकर ₹1,099 पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी दिन इसका भाव ₹1,115.40 था। कारोबार के दौरान शेयर ने ₹1,122.30 का हाई और ₹1,078.30 का लो बनाया। कंपनी के शेयर का 52 हफ्ते का हाई ₹1,582.50 और लो ₹930.50 है। मौजूदा भाव 52 हफ्ते के हाई से करीब 30.6% नीचे है।

