रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस का चुनाव रोमांचक मोड पर आ गया है। चुनाव के लिए आज शाम 5 बजे के बाद से वोटिंग बंद हो गया है, लेकिन फर्जी मतदान की शिकायतों ने निष्पक्ष चुनाव की प्रक्रिया को सवालों के घेरे में ला दिया है। वहीं प्रत्याशियों की चिंता भी बढ़ा दी है।
बीते एक महीने से युवा कांग्रेस चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। चुनाव में एक मतदाता को एप के जरिए आनलाइन तरीके से 6 मत देने का अधिकार दिया गया था, जिसमें ब्लाक लेवल से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक के प्रत्याशियों को वोट करना शामिल था। जानकारी के मुताबिक आज शाम 5 बजे के बाद से मतदान को बंद कर दिया गया है। चुनाव में कुल 14 लाख 50 हजार 626 मतदाताओं ने वोटिंग किया है। इसमें 11 लाख 76 हजार 907 पैड वोटर हैं अर्थात जिन्होंने वोट करने के साथ ही 75 रुपए सदस्यता शुल्क जमा कर दिया है। वहीं 2 लाख 79 हजार 719 अनपैड वोटर हैं, जिनका भुगतान होना अभी शेष है। जिन मतदाताओं का सदस्यता शुल्क जमा नहीं हुआ है उन्हें एक अक्टूबर रात 12 बजे तक का समय दिया गया है।


अब इन सबके बीच जो सबसे महत्वपूर्ण पहलू है वो यह है कि लाखों वोटिंग के बीच फर्जी मतदान की शिकायतों से जुड़ा हुआ। दरअसल कांग्रेस नेता और कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने आरोप लगाया है कि यूथ कांग्रेस के चुनाव में फर्जी वोटिंग की जा रही है और इसकी निष्पक्षता से जांच की मांग की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि आज शाम 5 बजे मतदान समाप्त होने के बाद भी उनके पास अनपैड वोटों को लेकर जानकार आई। यह अनपैड वोट भी उनके अपने जिले का न हो करके अन्य जिलों का है। उन्होंने जानकारी दी कि अनपैड वोटों में सूरजपुर से एक, कोरबा से दो और खैरागढ़ से चार वोट शामिल हैं। उनका कहना है कि यह अनपैड वोट उनकी आईडी से कैसे जुड़े? क्या IYC का एप हैक कर लिया गया है? क्या प्रत्याशियों के तरफ से फर्जी वोट कराए जा रहे हैं? या इसके पीछे कुछ अन्य तकनीकी खामिया है? इसकी जांच होनी चाहिए।
वहीं इस मामले में युवा कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन तुषार गुहा ने कहा, यह सच है कि आज शाम 5 बजे के बाद से वोटिंग बंद हो गया है। लेकिन जो अनपैड वोटर्स हैं उनको भुगतान के लिए एक अक्टूबर रात 12 बजे तक का समय दिया गया है। जैसे-जैसे सदस्यता शुल्क जमा होते जा रहा है वो पैड वोटर्स के तौर पर जोड़े जा रहे हैं। जो पैड वोटर्स होंगे वही मत गणना में मान्य किए जाएंगे। फर्जी वोटिंग की शिकायतों को लेकर उन्होंने कहा, कुछ जगहों से ऐसी शिकायतें आई थी। एप्लीकेशन में कुछ तकनीकी दिक्कतें थी, लेकिन उसे दूर कर लिया गया है। अभी फिलहाल कहीं से कोई गड़बड़ी की जानकारी नहीं है।
इस चुनाव में वैसे तो अध्यक्ष पद के लिए 17 प्रत्याशी मैदान में है, लेकिन कांटे का मुकाबला सत्येंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे के बीच ही है। और इन दोनों प्रत्याशियों के लिए कई बड़े नेता भी लगे हुए हैं। देखना दिलचस्प होगा कि तमाम उठा-पटक और राजनीतिक दांव-पेंच के साथ लाखों युवा वोटर्स के बीच कौन बाजी मारता है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


