Bengal Chunav 2026 Updates: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए बुधवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है. पिछली बार की तरह इस बार भी जनता जमकर वोट डाल रही है. चुनाव आयोग द्वारा जारी डेटा के अनुसार दोपहर 1 बजे तक 61.11% से ज्यादा मतदान हो चुका है. अब देखने वाली बात ये होगी की क्या दूसरे चरण में पहले चरण की तरह 90% या उससे ज्यादा मतदान होता है या नहीं. इस बीच खबर है कि, भवानीपुर में बीजेपी प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी और टीएमसी वर्कर्स के बीच झड़प हो गई है.

हालांकि, सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाल लिया है और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्के बल का प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया. वहीं, इस बारे में शुभेंदु अधिकारी ने मीडिया से कहा कि मैं बूथ का दौरा कर रहा हूं। ये मतदाता नहीं बल्कि बाहरी लोग हैं. वहीं, बूथ पर मतदान करने पहुंचे एक मतदाता ने आजतक को बताया कि बीजेपी प्रत्याशी शुभेंदु यहां दौरा करने पहुंचे थे, जहां उन्होंने जय श्रीराम का नारा लगाया. इसके जवाब में मौके पर मौजूद भीड़ ने जय बांग्ला के नारे लगाना शुरू कर दिया. इसके बाद देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
‘पुलिस ने TMC के वर्कर्स को नहीं, हमें जाने को कहा’ – RG Kar रेप पीड़िता के पिता
पानिहाटी में बीजेपी उम्मीदवार और आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप और मर्डर पीड़िता की मां को टीएमसी वर्कर्स द्वारा घेरे जाने की घटना के बारे में जानकारी देते हुए पीड़िता के पिता सेखररंजन देबनाथ ने कहा, ‘जब हम रास्ते से गुजर रहे थे, तब टीएमसी गुंडे मोटरसाइकिल पर मौजूद थे. उन्होंने हम पर नारेबाजी भी की. उन्होंने और भी कई टीएमसी गुंडों को बुला लिया और हम पर हमला करने की कोशिश की. पुलिस ने उन्हें (टीएमसी कार्यकर्ताओं) वहां से नहीं हटाया, बल्कि हमें ही जगह छोड़ने को कहा. वो ऐसा इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें हमसे डर लगता है.’
सौरव गांगुली ने बेहाला में डाला वोट
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने बेहाला स्थित वर्षा शशिभूषण जनकल्याण विद्यापीठ में बने मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला. मतदान के बाद उन्होंने मीडिया से कहा, ‘मैंने अपना वोट डाल दिया है… देखते हैं मतदान प्रतिशत कितना रहता है. पिछले चरण में 90 प्रतिशत से अधिक था. शाम तक पता चल जाएगा.’
दक्षिण 24 परगना में फिर हंगामा, TMC ने सुरक्षाबलों को बनाया निशाना
दक्षिण 24 परगना के बसंती में बूथ नंबर 76 के बाहर एक बार फिर से हंगामा हो गया है. तृणमूल कार्यकर्ताओं ने पुलिस और केंद्रीय बलों के जवानों को निशाना बनाते हुए “जय बांग्ला” के नारे लगाए. सुरक्षा बलों पर मतदाताओं को कथित तौर पर परेशान करने के आरोप लगाए गए हैं. मतदाताओं ने स्थानीय तृणमूल नेता राजा गाजी के घर पर पुलिस द्वारा की गई तलाशी के विरोध में प्रदर्शन किया. मतदान केंद्र के सामने स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है. राजा गाजी के घर से दो युवकों को हिरासत में लिया गया, जिससे उनकी तत्काल रिहाई की मांग को लेकर और अधिक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए. इलाके में पुलिस और केंद्रीय बलों की भारी टुकड़ी तैनात की गई है.
142 विधानसभा सीटों के लिए डाले जा रहे वोट
दूसरे चरण में सात जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर कुल 3,21,73,837 मतदाता वोट डालेंगे. इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिलाएं और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. मतदान के लिए 41,001 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां हर बूथ की वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2,321 कंपनियां केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनात किया गया है. कोलकाता में सबसे अधिक 273 कंपनियां लगाई गई हैं.
इसके अलावा 142 सामान्य पर्यवेक्षक, 95 पुलिस पर्यवेक्षक और 100 व्यय पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं. ड्रोन कैमरों से भी मतदान प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी. इस चरण में कुल 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं. भांगर सीट पर सबसे अधिक 19 उम्मीदवार हैं, जबकि हुगली जिले की गोगहाट सीट पर सबसे कम 5 उम्मीदवार हैं.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

