संजीव, सोनीपत। नगर निगम चुनाव संपन्न होने के बाद भी राजनीतिक तनाव थमता नजर नहीं आ रहा। वार्ड नंबर-6 में चुनावी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया, जहां भाजपा समर्थक एक परिवार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने कांग्रेस प्रत्याशी और उनके समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोग घायल हुए हैं। मामले के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-6 में चुनाव खत्म होने के बाद वोटिंग को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा तक पहुंच गया। आरोप है कि भाजपा प्रत्याशी निशा पत्नी मोनू ठेकेदार के समर्थन में मतदान करने वाले परिवार को निशाना बनाया गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि कांग्रेस प्रत्याशी सोनिया पत्नी रवि और उनके समर्थकों ने सुनियोजित तरीके से हमला किया।

हमले में अनीता पत्नी परवीन गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि श्रीकृष्ण, परवीन, ईशान और सरोज सहित कई लोगों को चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद परिजनों में भय का माहौल है।

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि उन्होंने केवल भाजपा के पक्ष में वोट डाला था, जिसकी वजह से उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही थीं। परिवार का कहना है कि चुनाव के बाद से ही उन पर दबाव बनाया जा रहा था। इतना ही नहीं, जब वे शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो वहां भी उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की गई। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी खुलेआम कहते हैं कि पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।

वहीं, इस पूरे मामले में कांग्रेस पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना ने चुनावी माहौल में बढ़ती राजनीतिक कटुता और हिंसा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लोकतंत्र में मतदान हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन अगर वोट देने के कारण लोगों को हिंसा का सामना करना पड़े तो यह बेहद चिंताजनक स्थिति है।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी हुई है, जिससे पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।