संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में वक्फ बोर्ड ने एक बड़ा और अहम फैसला लिया है। राजधानी भोपाल में आयोजित होने वाले इज्तिमा बाजार को लेकर वक्फ बोर्ड ने निर्देश जारी किया है कि अब इस बाजार में दुकानों के आवंटन में किसी भी प्रकार का धार्मिक बंधन नहीं रहेगा। इसके तहत अब इज्तिमा बाजार में हिंदुओं को भी दुकानें आवंटित की जाएंगी और जो भी व्यक्ति अधिक बोली या राशि देगा, दुकान उसी को मिलेगी, चाहे वह किसी भी धर्म का क्यों न हो।

पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल उठते थे

वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सनवर पटेल ने कहा- व्यासायिक आयोजन है, धार्मिक नहीं: सनवर पटेल ने स्पष्ट किया कि इज्तिमा बाजार कोई धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह विशुद्ध रूप से एक व्यासायिक आयोजन है, जिसका मुख्य उद्देश्य यतीम बच्चों और गरीबों की आर्थिक मदद करना है। उन्होंने बताया कि पहले इज्तिमा समिति अपने स्तर पर ही चुनिंदा लोगों को दुकानें आवंटित कर देती थी, जिससे पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल उठते थे। नई व्यवस्था के तहत अब वक्फ बोर्ड के निर्देश पर दुकानों के आवंटन के लिए विधिवत सरकारी विज्ञप्ति जारी की जाएगी। जो भी अधिक राशि देगा, उसे दुकान दे दी जाएगी, चाहे वह किसी भी धर्म का हो।

विरोध करने वालों पर तीखा हमला

इस नए फैसले का कुछ हलकों में विरोध होने पर वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सनवर पटेल ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि इसका विरोध करने वाले लोग संकीर्ण मानसिकता से ग्रस्त हैं और उनका मकसद सिर्फ विरोध करना है। बोर्ड के इस फैसले के बाद अब इज्तिमा बाजार की व्यवस्थाओं और दुकानों के आवंटन में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m