राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्यप्रदेश में दो चर्चित संतों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। दतिया के पंडोखर धाम और छतरपुर के बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर के बीच चल रहा यह विवाद अब सार्वजनिक बयानों के जरिए और गहरा गया है। पंडोखर सरकार के गुरु शरण महाराज ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर गंभीर और तीखे हमले किए हैं।

विवाद की शुरुआत

कुछ समय पहले बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अप्रत्यक्ष रूप से पंडोखर सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने चुनौती भरे लहजे में कहा था कि- अगर वे नोट का नंबर या पहचान पत्र से जुड़े नंबर बता सकते हैं, तो उन्हें सट्टे का नंबर ही बता देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि हिम्मत है तो सट्टे का नंबर बताएं, जिसे अमेरिका (जहां सट्टा जायज है) में लगा दिया जाए। धीरेंद्र शास्त्री ने यह भी आरोप लगाया था कि वे (पंडोखर सरकार) वीआईपी मुलाकात के नाम पर 70,000 रुपये तक लेते हैं।

गुरु शरण महाराज का पलटवार

इस बयान के बाद 13 सितंबर को दिए अपने एक भाषण में पंडोखर सरकार के गुरु शरण महाराज ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा- “जो व्यक्ति अपने भाई और पिता को नहीं सुधार पाया, वह क्या कर सकता है? तुम्हारा एक भाई जेल में गया है, तुम भी अंदर जाओगे। एक व्यक्ति लंबे समय से नशा मुक्ति केंद्र में बंद रहा है और अभी जेल में है।” गुरु शरण महाराज ने आगे तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि लोगों को कितना ब्लैकमेल करोगे और कितना गुमराह करोगे?

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

गुरु शरण महाराज के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद धार्मिक और सामाजिक हलकों में इस पर तीखी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, इस तीखे हमले के बाद फिलहाल पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री या उनके समर्थकों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। दोनों बाबाओं के बीच चल रही यह बयानबाजी लगातार तूल पकड़ती जा रही है, और अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि इस पर बागेश्वर धाम की तरफ से क्या प्रतिक्रिया दी जाती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m